डीआरजी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, एक नक्सली को किया ढेर, शव बरामद सुकमा। जिले में डीआरजी और नक्सलियों के बीच रविवार सुबह मुठभेड़ हो गई। इसमें जवानों ने एक नक्सली को मार गिराया। मौके से शव को बरामद कर लिया गया है। लेकिन मारे गए नक्सली की पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ खत्म हो गई। जवान कैंप की ओर दोपहर तक वापस लौटेंगे। एसपी सुनील शर्मा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। घटना चिंतलनार थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, चिंतलनार इलाके में सड़क निर्माण का काम चल रहा है। यहां सुरक्षा गश्त करने रविवार सुबह कोबरा 201 और डीआरजी के जवान तिम्मापुरम की तरफ निकले थे। इसी दौरान घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी नक्सलियों की गोलियों का मुंहतोड़ जवाब दिया। करीब आधे घंटे तक गोलीबारी चली। इस मुठभेड़ में एक माओवादी को ढेर कर दिया गया है। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल का सहारा लेकर भाग खड़े हुए। इसके बाद घटना स्थल की सर्चिंग की गई तो एक माओवादी का शव बरामद किया गया। साथ ही भारी मात्रा में कई नक्सलियों के सामान भी बरामद किये गए हैं।