वेस्टइंडीज सीरीज के पहले 8 भारतीय खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव, अब नये नामों का होगा ऐलान स्पोर्ट्स डेस्क। वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 फरवरी से शुरू होने वाली वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट टीम के 8 सदस्य कोरोना संक्रमित पाये गए है। इन खिलाड़ियों में से 4 का नाम अभी सामने आया है। ये हैं- शिखर धवन, ऋतुराज गायकवाड, श्रेयस अय्यर और नवदीप सैनी। फिलहाल बोर्ड ने इंडियन स्क्वॉड में मयंक अग्रवाल का नाम शामिल किया है। उनके अलावा कुछ और नामों का ऐलान जल्द ही किया जा सकता है। भारतीय टीम के खिलाड़ी वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले अहमदाबाद पहुंच गए हैं, जहां ये तीन मैचों की सीरीज होनी है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ये सीरीज शुरू होनी है, लेकिन इससे पहले भारतीय दल में कोरोना का कहर टूट पड़ा है। टीम इंडिया के दल करीब आधे सदस्यों को कोरोना संक्रमित पाए जाने की खबर है। अभी तक सिर्फ 4 नामों की पुष्टि हुई है, जबकि बाकी खिलाड़ी कौन से हैं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। भारतीय टीम को जल्द ही सीरीज से पहले नेट सेशन अटेंड करने थे, लेकिन अभी के लिए सभी को इंतजार करना होगा। तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था, जिसका चयन चयनकर्ताओं की समिति ने किया था। हालांकि, अच्छी बात ये थी कि टीम के लिए दो खिलाड़ियों को रिजर्व के तौर पर बाद में जोड़ा गया था। ऐसें में इस वनडे सीरीज पर किसी भी तरह का असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, बीसीसीआई इस पर क्या फैसला लेती है, ये देखने वाली बात होगी। रोहित शर्मा की कप्तान के रूप में पहली सीरीज विराट कोहली को वनडे की कप्तानी से हटाए जाने के बाद रोहित शर्मा कप्तानी संभालेंगे। 2023 में भारतीय टीम को अपने घरेलू मैदानों पर वनडे वर्ल्ड कप खेलना है। कप्तान रोहित और मुख्य कोच राहुल द्रविड़ की नजरें मजबूत प्लेइंग-XI तैयार करने पर है। 6 से 20 फरवरी के बीच मैच भारत और वेस्टइंडीज के बीच पहला वनडे 6 फरवरी, दूसरा 9 फरवरी और तीसरा 11 फरवरी को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमों के बीच पहला टी-20 16 फरवरी, दूसरा 18 फरवरी और तीसरा 20 फरवरी को होगा और ये तीनों मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स के मैदान पर खेले जाएंगे। भारत की वनडे टीम इस प्रकार है रोहित शर्मा (Captain), केएल राहुल, (Vice-captain), शिखर धवन, रितुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, विराट कोहली, दीपक हुड्डा, सूर्यकुमार यादव, रिषभ पंत (wicket-keeper), दीपक चाहर, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, वॉशिंग्टन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और आवेश खान रिजर्व के तौर पर शाहरुख खान और आर साई किशोर