कृषि मजदूर न्याय योजना : राहुल गांधी बोले- अमीर भारत के लोग सोचते हैं, गरीब भारत शांत-डरपोक है, मैं कहता हूं उनमें अपार शक्ति है
कृषि मजदूर न्याय योजना : राहुल गांधी बोले- अमीर भारत के लोग सोचते हैं, गरीब भारत शांत-डरपोक है, मैं कहता हूं उनमें अपार शक्ति है
रायपुर। कांग्रेस सांसद एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को साइंस कॉलेज मैदान में राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, युवा मितान क्लब योजना अंतर्गत राशि का हस्तांतरण किया। वहीं छत्तीसगढ़ अमर जवान ज्योति, नवा रायपुर सेवाग्राम का शिलान्यास किया।
इस मौके पर राहुल गांधी ने प्रदेशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बहुत बड़ा कदम उठाने जा रहे हैं। हमने आपसे वादा किया था, चाहे कुछ भी हो जाए, छत्तीसगढ़ के किसानों को धान का 25 रुपए मिलेगा और उसे हमने करके दिखाया। चुनाव के समय हमने कहा था किसान के साथ-साथ हमारे प्यारे मजदूर भाइयों, जो खेत में मजदूरी का काम करते हैं, हम उनके लिए भी योजना लाएगे। इसीलिए हमने छत्तीसगढ़ के गरीब मजदूरों को भी मदद कर रहे हैं यह पहला कदम है। गरीबों को यह नहीं सोचना चाहिए कि अब उनकी मदद नहीं होगी। यह सिर्फ पहला कदम है। हम आपका धन और हम आपको वापिस दे रहे हैं।
'मजदूरों के कंधे का बोझ कम होगा'
राहुल गांधी ने कहा कि 25 रुपए का लाभ किसानों को दिया। हमने उद्योगपतियों को फायदा नहीं दिया। अब कृषि मजदूर न्याय योजना से 3 लाख 55 हजार मजदूरों को फायदा मिलेगा। इससे उनकी पूरी दुनिया बदल जाएगी। मैं कह रहा हूं कि उनके कंधे पर जो बोझ है वो थोड़ा कम हो जाएगा।
सांसद गांधी बोले, मुख्यमंत्री ने कहा कि 6 हजार रुपए तीन किस्तों में दिया जाएगा। मंच से उन्होंने मुख्यमंत्री को कहा कि थोड़ा सा बढ़ा दीजिए, इसके बाद वो बात को संभालते हुए बोले भाषण को आगे बढ़ाने को लेकर ऐसा कह रहे है। हालांकि मंच पर मंत्री ताम्रध्वज साहू व मुख्यमंत्री कुछ बोलते नजर आए।
'देश खतरे में, पहला खतरा खतरनाक बीजेपी'
राहुल गांधी ने शुरुआत में बुधवार को लोकसभा में दिये भाषण से की। उन्हेंने बताया कि हिंदुस्तान के सामने बहुत बड़ी चुनौतियां हैं। बीजेपी और उनकी विचारधारा हमारे देश को खतरे की ओर ले जा रहे हैं, और मैंने संसद में भी ये बात समझाया। मैं आप लोगों को भी थोड़ा बताना चाहता हूं खतरा किस बात का है सबसे पहला खतरा खतरनाक बीजेपी से है। एक देश को दो देशों में बांटा जा रहा है। दो देश बनाया जा रहा है। एक देश चुने हुए अरबपतियों का। जिसके पास देश की हवाई जहाज, हाई टेक्नोलॉजी, स्टॉक मार्केट का पैसा है। वे देश में जो चाहते हैं ले सकते है।
और दूसरा हमारे प्यारे गरीब, मजदूर, छोटे व्यापारियों का देश। इनकी संख्या करोड़ों में है। एक अमीर देश है, जहां 100- 500 लोगों का और एक गरीब देश हिंदुस्तान के करोड़ों लोगों का। यह लोग सोचते हैं, जो गरीबों का देश है वह शांत बैठा रहेगा, वह सोचते हैं हिंदुस्तान का गरीब डरता है, मैं कहना चाहता हूं हिंदुस्तान का गरीब किसी से नहीं डरता। गरीबों में भी अपार शक्ति है।
'70 साल में क्या हुआ पूछना- किसान, मजदूर, व्यापारी का अपमान'
इस हिंदुस्तान को अगर यहां तक पहुंचाया है, प्रगति हुई, उन्नति हुई, किसी पार्टी ने नहीं, इसे हिंदुस्तान के किसान, मजदूर, गरीबों ने पहुंचाया है। पूछते कि 70 साल में क्या हुआ है। ये सवाल पूछकर कांग्रेस पार्टी का अपमान नहीं करते, बल्कि हमारे किसानों के माता-पिता का, मजदूरों का, हमारे कारीगरों का, छोटे व्यापारियों का अपमान करते हैं।
बहुत कुछ हुआ है इन 70 सालों में, बहुत बदलाव हमारे हिंदुस्तान में आया है। गरीब, किसान जनता ने खून पसीना देकर भारत को ऊपर पहुंचाया है। जिन लोगों ने देश को बनाया, उनका धन इन 100 लोगों को देश का पूरा धन पकड़ा दिया गया है।
'100 अमीर लोगों के पास 40 प्रतिशत धन'
हिंदुस्तान के 100 सबसे अमीर लोगों के पास हिंदुस्तान के 40 प्रतिशत का धन है। एक तरफ अमीर 100 लोग और दूसरी तरफ 40 प्रतिशत हिंदुस्तान है। 40 प्रतिशत लोग भूखे मरे, रोजगार के लिए भटकते जाए, और नरेंद्र मोदी जी इन 5-10 उद्योगपति मित्रों को देश का पूरा धन उनकी जेब में रखना चाहते हैं। ऐसा हिंदुस्तान होना नहीं चाहिए और ऐसे हिंदुस्तान हम होने नहीं देंगे। अगर इस देश में अगर प्रगति होगी, हम सब की प्रगति होगी, सिर्फ 5-10 उद्योगपतियों की नहीं होनी चाहिए, यह हम में और उन में फर्क है।
'देश में एक विचारधारा का राज, कभी नहीं'
बीजेपी चाहती है कि देश में एक विचारधारा का राज हो। मैने लोकसभा में कहा, ये कभी नहीं हो सकता है। छत्तीसगढ़ के आदिवासियों का जंगल से क्या रिश्ता होना चाहिए, ये महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश के लोग नहीं बता सकते। इसी तरह छत्तीसगढ़ के लोग वहां जाकर नहीं बता सकते हैं। यही अलग-अलग सोच, विचारधारा, प्यार और भाईचारे की भावना है, उसे हिस्दुस्तान की भावना कहते हैं। इसी पर बीजेपी वार कर रही है। इसे हम रोकेंगे।
'हिंदुस्तान में पैदा कर दी नफरत'
हिंदुस्तान के अंदर इन्होंने नफरत पैदा कर दी है। एक धर्म को दूसरे धर्मे से लड़ाते हैं। हिंदुस्तान के बाहर जो शक्ति है,वो कहती है हिंदुस्तान कमजोर हो रहा है। लद्दाख में चीन इसलिए घुस पाई। घूसने के बाद पीएम ने कहा कि कोई अंदर नईं आई।
'विचारधारा की लड़ाई'
हमारा काम मजदूरों की मदद, देश को मजबूत करने का है। इसीलिए ये विचारधारा की लड़ाई। ये पार्टी की नहीं विचारधारा की लड़ाई है। तभी हम बाहरी ताकतों से लड़ पाएंगे।
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्तर पर सबसे बड़े उद्योगपति की मदद होती है, लेकिन जो छोटे व्यापारी है, नोटबंदी, गलत जीएसटी, लॉकडाउन में परेशानी हुई, लेकिन प्रदेश में उसकी मदद की गई, इस वजह से यहां आर्थिक मंदी नहीं आई।
'छत्तीसगढ़ की कॉफी पूरी दुनिया को दिखाए और चखाए'
छत्तीसगढ़ के जिलों में प्रोडक्ट बनाने केलिए सरकार मदद कर रही है। स्किल को बढ़ाने का काम रही है। बस्तर कॉफी, अलग-अलग चीजे देखने और चखने को मिली। ये सिर्फ छत्तीसगढ़ में नहीं, बल्कि पूरे भारत के अलावा पूरी दुनिया को दिखाए और चखाए।
सरकार को दी बड़ी सीख, 'लोगों की बीच जाकर काम करिए'
मैं सरकार के सब मंत्रियों को बधाई देता हूं। छत्तीसगढ़ के लिए काम कर रहे हैं। मैं सरकार के मंत्री और विधायकों से कहता हूं कि जिलों में जनता की मदद के लिए जो काम हो रहा है, इन लोगों के बीच जाकर काम करिये। इससे पार्टी, प्रदेश और देश को फायदा होगा।
महात्मा गांधी का सपना हो रहा पूरा- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने साइंस कॉलेज मैदान में कहा कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना की शुरुआत की है। अब 16 साल बाद आज ही के दिन कृषि मजदूरों के लिए भूमिहीन मजदूर न्याय योजना की शुरुआत की जा रही है। राहुल गांधी प्रत्येक मजदूरों को 6 हजार रुपए उनके खाते में हस्तांतरित करेंगे। बघेल ने बताया कि पिछले 3 वर्षों में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 91 हजार करोड़ रुपए लोगों के हाथों में पहुंचा है। इसीलिए छत्तीसगढ़ में नोटबंदी, जीएसटी और लॉकडाउन से कोई मंदी नहीं आई।
25 सौ रुपए धान खरीदी में केंद्र सरकार ने अड़का लगाया। उनका कहना था समर्थन मूल्य से अधिक नहीं मिलना चाहिए। हमने हिम्मत नहीं हारी। 3 साल से 25 सौ रुपए के भाव से किसानों को धान का भाव दिया। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत 9 हजार रुपए इनपुट सब्सिडी धान में दी जा रही है। धान के अलावा दूसरी खेती करते हैं, उनको प्रति एकड़ 10 हजार दिया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने जो वादा किया है, वो किसानों को दिया जा रहा है। हमने किसानों से किए सभी वादे पूरा किया।
पहले 17 लाख किसान धान भेजते थे अब इस योजना के बाद 22 लाख किसान धान भेज रहे। वही 22 लाख हेक्टेयर में धान होती थी अब 30 हजार हेक्टेयर में धान हो रही है। इस साल एक लाख मैट्रिक टन धान की खरीदी होगी।
हमने कोदो कुटकी रागी कई फसलों को खरीदी की योजना बनाई है। गोधन न्याय योजना के तहत गोपालको से गोबर खरीद रहे हैं। यूपी समेत कई राज्यों में गाय के चलते खेती करना मुश्किल हो रहा है वहीं छत्तीसगढ़ में इस योजना के तहत गायों को ध्यान रखा जा रहा है। गोबर से कंपोस्ट खाद बनाकर जैविक खेती की ओर आगे बढ़ा जा रहा है।
2 लाख पशु पालकों से 61 लाख टन गोबर की खरीदी की, गोबर विक्रेताओं को 122 करोड़ रुपए की राशि का भुगतान हुआ है। गोधन न्याय योजना से छत्तीसगढ़ जैविक खेती की ओर भी बढ़ रहा है। कुछ लोग गाय के नाम पर राजनीति करते हैं लेकिन हम गोबर खरीदी कर उसका कंपोस्ट खाद बनाकर इसे साकार किया है, हम राजनीति नहीं कर रहे हैं।
लघु वनोपज की भी खरीदी की जा रही है। बस्तर समेत कई जिलों मे की जा रही है। दंतेवाड़ा में महिलाओं को रोजगार दिया जा रहा है। डेनेक्स कपड़ा ब्रांड ने आज नाम कमाया है। बस्तर में कॉफी, चाय की खेती हो रही है। राहुल गांधी जी ने कॉफी का स्वाद लिया है।
2 लाख 30 हजार युवकों की नौकरी दी है। 14 लाख तेंदूपत्ता परिवार को लाभ मिला। इंजीनियरों को पीडब्ल्यूडी विभाग में ठेका देने के लिए नियम लागू किया है। 5000 लोगों ने रजिस्टर्ड कराया है।
युवा मितान क्लब का गठन पंचायतों में किया गया है। प्रत्येक पंचायत को प्रत्येक साल 1 लाख रुपए दिया जाएगा। साथ ही लोगों को रोजगार से कैसे जोड़ा जाए इस दिशा में कार्य किया जा रहा है।
आज आपके हाथों कृषि मजदूर न्याय योजना का शुभारंभ हुआ नवा राजधानी नया सेवाग्राम का उद्घाटन हुआ। महात्मा गांधी जी की जो सपने थे, उनके जो विचार है, उसे पूरा किया जा रहा है।
बघेल ने कहा कि एक तरफ समाज को तोड़ने का काम किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ हम समाज को जोड़ने का काम करना है। हिंदुस्तान को जोड़ने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि 1972 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने शहीदों के नाम इंडिया गेट पर अमर जवान ज्योति की स्थापना की थी, वहां 50 साल से ज्योति जल रही थी, उसे मोदी सरकार ने बुझा दिया है। छत्तीसगढ़ के जवानों ने भी देश के लिए जो खून बहाया है। उनकी स्मृति में अमर जवान ज्योति की स्थापना की जाएगी। मजदूरों के लिए के लिए देश मे पहली बार ऐसी कृषि मजदूर न्याय योजना बनी है, वो राहुल गांधी की प्रेरणा से बनी।