बिजली विभाग में भर्ती, लाइनमैन की परीक्षा तारीख घोषित, देखें परीक्षा केंद्र रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में भर्ती परीक्षा की तारीखें तय कर दी गई है। आगामी 21 फरवरी से छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी में परिचालक( लाईन) की भर्ती के लिए दस्तावेजों का सत्यापन और शारीरिक दक्षता की परीक्षा होगी। इसके लिए रायपुर सहित बिलासपुर रायगढ़ अंबिकापुर दुर्ग राजनांदगांव और जगदलपुर के क्षेत्रीय मुख्यालय कार्यालयों को केंद्र बनाया गया है। गौरतलब है कि यह परीक्षा जनवरी में ही होनी थी, लेकिन करोना के बढ़ते मामलों की वजह से इसे टाल दिया गया था। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनी के अध्यक्ष अंकित आनंद ने बताया कि परिचालक(लाईन) के 3000 पदों के लिए 136000 आवेदकों ने आवेदन किया है। कोविड-19 के गाइड लाइन के अनुसार शारीरिक दूरी बनाए रखने की बाध्यता को देखते हुए पहले चरण में टेक्निकल मेरिट लिस्ट के आधार पर 3450 आवेदक को आमंत्रित किया गया है। उन्हें उनके निवास के पते पर स्पीड पोस्ट के माध्यम से पत्र भेजे जा रहे हैं। यदि पदों की पूर्ति प्रथम चरण में नहीं हो पाती है तो दस्तावेजों के सत्यापन व शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए टेक्निकल मेरिट लिस्ट के अनुसार दूसरे चरण में पात्र उम्मीदवारों को बुलावा पत्र भेजा जाएगा। बिजली कंपनी में परिचालक लाइन की भर्ती प्रक्रिया अगस्त से सितंबर 2021 में शुरू हुई थी। कंपनी ने दसवीं पास युवाओं से ऑनलाइन आवेदन मंगाए थे। साथ ही बस्तर और सरगुजा क्षेत्र में वहां के मूल निवासियों को ही आवेदन की पात्रता दी गई थी। वहीं रायपुर बिलासपुर रायगढ़ दुर्ग और राजनांदगांव के पदों के लिए छत्तीसगढ़ की किसी भी जिले के मूल निवासियों के आवेदन की छूट थी।