लोकसभा में लता मंगेशकर को दी श्रद्धांजलि, सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिए की स्थगित

लोकसभा में लता मंगेशकर को दी श्रद्धांजलि, सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिए की स्थगित नई दिल्ली। भारत रत्न लता मंगेशकर को लोकसभा में श्रद्धांजलि दी गई। इसके बाद सोमवार को लोकसभा की कार्यवाही उनके सम्मान में एक घंटे के लिए स्थगित कर दी गई। शाम 4 बजे लोकसभा की कार्यवाही आरंभ होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने लता मंगेशकर के निधन का उल्लेख किया। सदस्यों ने कुछ क्षणों का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने उनके सम्मान में सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित कर दी। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ बड़े दुख के साथ मैं सदन को राज्यसभा की पूर्व सदस्य एवं भारत रत्न लता मंगेशकर जी के निधन के बारे में सूचित कर रहा हूं।’’ उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर जी देश-दुनिया में सुरों की मलिका के रूप में प्रसिद्ध थीं और उन्होंने भारतीय भाषाओं में लगभग 25 हजार से अधिक गीत गाए। बिरला ने कहा कि विलक्षण प्रतिभा की धनी लता जी को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया जिनमें भारत रत्न, पद्म विभूषण, पद्म भूषण तथा दादा साहेब फाल्के सम्मान आदि शामिल हैं। उन्होंने कहा कि फ्रांस ने भी उन्हें अपने देश के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया। बिरला ने कहा, ‘‘वह (लता मंगेशकर) नवम्बर 1999 से नवम्बर 2005 तक राज्यसभा की सदस्य भी रहीं। स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती पर संसद के केन्द्रीय कक्ष में उन्होंने गीत गाया।’’ लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि उनका (लता जी) गाया गीत ‘‘सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा‘‘ हमारे स्मृति पटल पर सदा के लिए अंकित है। उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर जी सेवाभावी कार्यों में भी सदैव अग्रणी रहीं तथा उनका ‘‘लता मंगेशकर मेडिकल फाउंडेशन‘‘ गरीब रोगियों को निःशुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान करता है। बिरला ने कहा कि उनका निधन संगीत, कला और संस्कृति जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। बता दें कि 92 वर्षीय लता मंगेशकर का रविवार को मुबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। मुंबई में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पीएम मोदी, सीएम उद्धव ठाकरे समेत कई लोगों ने आखिरी सलामी दी। Ind Vs WI : WI सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, रोहित कप्तान, भुवनेश्वर बाहर, इन नए खिलाड़ियों को मौका Our players have understood their roles and responsibilities: Dhoni on turnaroun