10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा, 7 हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्र, कोरोना पॉजिटिव छात्रों के लिए अलग व्यवस्था

10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा, 7 हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्र, कोरोना पॉजिटिव छात्रों के लिए अलग व्यवस्था रायपुर। छत्तीसगढ़ में 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाएं इस बार ऑफलाइन होगी। छात्रों को अपने स्कूल में ही परीक्षा देनी होगी। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) ने सभी स्कूल को परीक्षा केंद्र बनाया है। इन केंद्रों में कोरोना पॉजिटिव छात्रों के लिए भी परीक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। बता दें कि  2021 में 10वीं-12वीं बोर्ड के लिए 4 हजार 519 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। तब परीक्षा नहीं हो पाई थी। इस साल इन केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 7 हजार 600 किया जा रहा है। बताया जा रहा है, इस बार परीक्षा स्व-केंद्रीय कराने की कोशिश है। यानी जो विद्यार्थी जहां पढ़ाई कर रहा है, वहीं परीक्षा देगा। इससे पहले बोर्ड ने प्रायोगिक परीक्षाओं के लिए वाह्य परीक्षक की अनिवार्यता को खत्म कर दिया था। प्राचार्यों को यह जिम्मेदारी दी गई थी कि वे स्कूल से ही एक परीक्षक नियुक्त कर प्रायोगिक परीक्षाएं करा लें। प्रायोगिक परीक्षाएं 31 जनवरी तक होनी थी, लेकिन अधिक कोरोना संक्रमण वाले जिलों को बाद में भी कराने की छूट मिली थी। कोरोना पॉजिटिव के लिए अलग व्यवस्था माध्यमिक शिक्षा मंडल इस बार कोरोना संक्रमित परीक्षार्थी के लिए अलग व्यवस्था पर विचार कर रहा है। बताया गया, संक्रमण की स्थिति में परीक्षार्थी को केंद्र प्रभारी को सूचना देनी होगी। उसके बाद उस छात्रों के लिए अलग कमरे में बैठने की व्यवस्था की जाएगी। इस कक्ष में निरीक्षक आदि पीपीई किट पहनकर जाएंगे।

दो मार्च से परीक्षा शुरू होगी

माशिमं द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 12वीं की परीक्षा 2 मार्च से शुरू होकर 30 मार्च तक चलेगी। वहीं 3 मार्च से 23 मार्च तक 10वीं की परीक्षा ली जाएगी। फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा भी 3 मार्च से 11 मार्च तक ली जाएगी। इन कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक होंगी।

11 लाख से अधिक परीक्षार्थी

जानकारी के मुताबिक, इस बार 10वीं-12वीं में 11 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल होने वाले हैं। 12वीं में परीक्षार्थियों की संख्या करीब 6 लाख 83 हजार है। वहीं 10वीं में 3 लाख 93 हजार विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया है।

 पिछले साल 12वीं वालों ने घर से लिखा था उत्तर

छत्तीसगढ़ में 2020-2021 की बोर्ड परीक्षा पर कोरोना की दूसरी लहर का साया पड़ा। बोर्ड को 10वीं की परीक्षा रद्द करनी पड़ी। परीक्षार्थियों को उनके असाइनमेंट के आधार पर नंबर दिये गए। वहीं 12वीं की परीक्षा पहले स्थगित की गई। इसके बाद में इसका तरीका बदल दिया गया। परीक्षार्थियों को केंद्रों से प्रश्नपत्र मिले, जिसका उत्तर उन्हें घर से लिखकर जमा कराने थे।