सिंगर-कंपोजर बप्पी लहरी का निधन, बॉलीवुड सितारों ने जताया दुख मुंबई। सिंगर और कंपोजर बप्पी लहरी का निधन हो गया। मुंबई के अस्पताल में बप्पी लहरी ने अंतिम सांस ली है। 69 साल के बप्पी लहरी के निधन की खबर किसी शॉक की तरह ही है। आज सुबह ही उनके निधन की खबर सामने आई है। मुंबई के अस्पताल में बप्पी लहरी का इलाज चल रहा था और उन्हें वहां से हाल ही में छुट्टी भी मिल गई थी लेकिन अचानक ही उनकी हालत फिर से नाजुक होने लगी थी। बप्पी लहरी के निधन की खबर सुनते ही हर किसी का दिल टूट गया है और फैन्स सोशल मीडिया पर उनकी आत्मा की शांति की कामना कर रहे हैं। इस बीच उनकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट खूब (Bappi Lahiri Last Post) वायरल हो रही है। इस पोस्ट से एक बात सामने आ गई है कि आखिरी दिनों में बप्पी दा को अपने पुराने दिन काफी याद आ रहे थे। अजय और अक्षय ने जताया शोक अजय देवनग ने ट्वीट किया है, 'बप्पी दा व्यक्तिगत रूप से बहुत ही प्यारे थे। उनके संगीत में एक धार थी। उन्होंने चलते-चलते, सुरक्षा और डिस्को डांसर के जरिए हिंदी फिल्म इंडस्ट्री को अपने कंटेंपरेरी स्टाइल से रूबरू करवाया था। शांति दादा, आप हमेशा याद किए जाएंगे।' अक्षय कुमार ने ट्वीट किया है, 'आज हमने म्यूजिक इंडस्ट्री का एक और अनमोल रत्न खो दिया है। बप्पी दा मुझे मिलाकर....आपकी आवाज लाखों लोगों के लिए डांस करने की वजह थी। अपने संगीत के जरिए आप जो खुशियां बांटते थे...उन सभी खुशियों के लिए आपका शुक्रिया। परिवार को मेरी ओर से संवेदनाए, ओम शांति...।' अस्पताल के निदेशक के मुताबिक, बीते एक महीने से बप्पी लहरी का इलाज चल रहा था और सोमवार को ही उन्हें डिस्चार्ज किया गया। डॉक्टर का कहना है कि ओएसए (ऑब्सट्रिक्टिव स्लीप एपनिया) के चलते ही बप्पी लहरी का निधन हुआ है। बप्पी दा के नाम से मशहूर बप्पी लहरी ने म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी धुन और गानों से एक अलग तरह का ही राग छेड़ा था।