इंजीनियर की खेत में खून से लथपथ लाश मिली, पुलिस ने जताई ये आशंका जांजगीर चांपा। जिले में एक इंजीनियर की लाश खेत में मिली है। इससे पूरे इलाके में सनसनी मच गई है। इंजीनियर का शव भिलाई गांव के एक खेत में पाया मिला है। पुलिस आशंका जता रही है कि, आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर युवक को मौत के घाट उतारा होगा। मृतक युवक का नाम भीम देवांगन था। घटना बलौदा थाना क्षेत्र के भिलाई गांव की है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को मृतक भीम देवांगन घर से किसी काम के सिलसिले में निकला था। देर रात तक वो घर नहीं लौटा था। आज सुबह गांव के ही एक खेत में खून से लथपथ उसकी लाश मिली, जिसकी सूचना ग्रामीणों ने उसके परिजनों को दी। इस घटना की जानकारी मिलते ही बलौदा पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस मामले को हत्या से जोड़कर मृतक के परिजनों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।