दर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार कार और जीप में टक्कर, एक की मौत, 5 घायल रायपुर। अभनपुर के साता पारा के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ब्रेजा कार और महेंद्र जीप में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना अभनपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक रायपुर लोधी पारा इलाके के चार युवक अंगारमोती गंगरेल बांध घूमने जा रहे थे। इस दौरान अभनपुर के साटापारा में ब्रेजा कार और जीप की भिड़ंत हो गई। भीषण भिड़ंत में शंकर उर्फ तुलसी (33 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही पांच युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए अभनपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। अभनपुर थाना एस आई मनीष बाजपाई का कहना है कि धमतरी की ओर से आ रही जीप और कार आपस में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, अन्य 5 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। पूरे मामले में कार्यवाही की जा रही है। बता दें कि राजिम पुन्नी मेला के पहले दिन अभनपुर के पास दर्दनाक हादसा हुआ था। हादसे में 6 महिलाओं की मौत हो गई थी।