2 अंतर्राज्यीय तस्कर समेत 4 गिरफ्तार, लाखों का ब्रॉउन शुगर, गांजा जब्त रायपुर। ब्रॉउन शुगर, प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, गांजा और चरस के साथ 2 अंतर्राज्यीय तस्कर समेत 4 को गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, नारकोटिक्स सेल की टीम को सूचना मिली कि थाना सिविल लाईन क्षेत्रांतर्गत राजातालाब स्थित लोटस हॉस्पिटल के आसपास कुछ व्यक्ति नशीली टेबलेट एवं मादक पदार्थ बिक्री करने की फिराक में आने वाले है। इस सूचना के बाद नारकोटिक्स सेल, सायबर सेल एवं थाना सिविल लाईन पुलिस ने मुखबिर द्वारा बताए स्थान के लिए रवाना हआ। यहां आरोपियों को पकड़ने ट्रैप पार्टी लगाकर इंतजार किया। इसी दौरान कुछ समय बाद लोटस हॉस्पिटल के पास एक सूनसान स्थान में एक मोटर साइकिल में आकर रूका, जिसमें तीन व्यक्ति सवार थे, जो अपने पास बैग में कुछ सामान रखें थे। पुलिस टीम ने व्यक्तियों के पास जाकर बातचीत का प्रयास किया। इसके बाद तीनों भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें टीम के सदस्यों द्वारा घेराबंदी कर दौड़ाकर पकड़ा गया। पूछताछ करने पर तीनों ने अपना नाम तौकीर अहमद उर्फ बबलू निवासी राजातालाब सिविल लाईन रायपुर, शेख महबूब एवं रवि नारायण दीप निवासी ओडिशा का होना बताया गया। टीम के सदस्यों द्वारा उनकी एवं उनके पास रखें बैग की तलाशी लेने पर मादक पदार्थ गांजा, चरस एवं प्रतिबंधित नशीली टेबलेट रखा होना पाया गया। जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।