कंगना रनौत का शो लॉकअप कानूनी पचड़े में, एकता कपूर पर लगा ये आरोप मुंबई। एकता कपूर का नया रियलिटी शो लॉकअप कानूनी पचड़े में फंस गया है। शो को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जिसके चलते लॉकअप की रिलीज डेट को टाला जा सकता है। लॉकअप शो में कंगना रनौत मुख्य भूमिका में हैं। दरअसल, 27 फरवरी से ऑल्ट बालाजी और एमएक्स प्लेयर पर शो शुरू होना था लेकिन इससे पहले शो पर लीगल केस हो गया है। याचिकाकार्ता मिस्टर सनोबर बैग ने एकता कपूर, एमएक्स प्लेयर, एंडमोल शाइन पर उनके गेम शो जेल कॉन्सेप्ट को चुराने का आरोप लगाया है। सनोबर बेग, जेल कॉन्सेप्ट की स्टोरी और स्क्रिप्ट के अकेले राइट होल्डर हैं, उनकी अर्जी पर हैदराबाद की सिटी सिविल कोर्ट ने सुनवाई की। कोर्ट ने शो लॉकअप की रिलीज को लेकर ad-interim injunction (विज्ञापन-अंतरिम निषेधाज्ञा) जारी किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट ने शो लॉक अप का ट्रेलर भी देखा, जिसमें उसे कॉपी पाया। कोर्ट ने तत्काल नोटिस के साथ एक आदेश पास किया है जिसके जरिए किसी भी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर शो के प्रदर्शन पर रोक लगाई गई है। कोर्ट ने कहा कि जेल कॉन्सेप्ट प्राइड मीडिया का है जिस पर इसके proprietor सनोबर बेग का हक है, इसे शांतनु रे और शीर्षक आनंद ने लिखा था और 7 मार्च 2018 को कॉपीराइट एक्ट के तहत रजिस्टर कराया था। इसे फिल्म राइटर्स एसोसिएशन के साथ रजिस्टर कराया गया था। अपनी याचिका में मिस्टर बेग ने बताया कैसे इस कॉन्सेप्ट को बनाया गया था। ये भी बताया कि कॉन्सेप्ट डेवलपमेंट के लिए अलग अलग स्टेज पर कितना पैसा निवेश किया गया था।