यूक्रेन में भारतीय छात्र की मौत, रूसी बमबारी में गई जान नई दिल्ली। यूक्रेन में रूसी हमलों से हालात बेहद खराब हो गया हैं। एक हवाई हमले में खारकीव में भारतीय छात्र की जान चली गई है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची (Arindam Bagchi) ने दी है। रूसी हमले में मारे गए भारतीय छात्र का नाम नवीन है। वह कर्नाटक का रहने वाला था। आज सुबह से रूस ने यूक्रेन के सभी बड़े शहरों में हमले तेज कर दिए हैं। कीव की तरफ रूसी सेना का बड़ा काफिला तेजी से बढ़ रहा है। अरिंदम बागची ने कहा कि यह बताते हुए मुझे बड़ा दुख है कि खारकीव में जो हवाई हमले हो रहे हैं, उसमें एक भारतीय छात्र की मौत हो गई है। फिलहाल मंत्रालय छात्र के परिवार के साथ संपर्क में है। परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं। https://twitter.com/MEAIndia/status/1498591112188989442?t=Aa8qh_jOjdIQmlq05UnXVQ&s=08 अरिंदम बागची (Arindam Bagchi) ने आगे जानकारी दी है कि भारतीय विदेश सचिव रूस और यूक्रेन के राजदूतों से संपर्क में हैं। इसमें यह मांग उठाई गई है कि भारतीय छात्रों और नागरिकों को निकलने के लिए सुरक्षित रास्ता दिया जाए क्योंकि कई छात्र अभी खारकीव और अन्य शहरों में फंसे हुए हैं।