बलौदाबाजार : भीषण सड़क हादसा, 3 लोगों की दर्दनाक मौत बलौदाबाजार। जिले में बुधवार देर रात भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि कार सवार एक छट्ठी (जन्मदिन) कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर की ओर लौट रहे थे। तभी रास्ते में तेज रफ्तार कार पेड़ से जा टकराई। हादसा पलारी थाना क्षेत्र में हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को विवेचना में लिया है। जानकारी के अनुसार, रायपुर के हीरापुर निवासी सितेंद्र पाठक (42 वर्ष) दोंदे खुर्द निवासी लालता प्रसाद द्विवेदी (45 वर्ष) व अशोक यादव (45 वर्ष) अपने दोस्त मनीष यदु के बच्चे की छठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कुसमी गांव गए थे। रास्ते में उन्हें पेट्रोल पंप के पास खोरसी निवासी भोला गोस्वामी (19 वर्ष) मिला। जान पहचान होने के कारण उसे भी कार सवार लोगों ने लिफ्ट दे दिया। चारों रात करीब 11.30 से 12 बजे के बीच लौट रहे थे कि पलारी क्षेत्र में संडी गांव के पास तेज रफ्तार कार पेड़ से जा टकराई। टक्कर के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।