एकतरफा प्यार, युवक ने युवती को मारी गोली, फिर अपनी कनपटी में दाग दी गोली सूरजपुर। जिले के प्रेमनगर कॉलेज में एक युवक ने कॉलेज में सहेलियों के साथ खड़ी युवती को गोली मार दी, युवती पर गोली चलाने के बाद युवक ने कट्टे से खुद पर भी गोली चला दी। युवक की मौक़े पर ही मौत हो गई। वहीं युवती को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर ले जाया गया है। बताया जा रहा है कि घटना सुबह क़रीब 10 बजे की है। वारदात के समय युवती अपने सहेलियों के साथ कॉलेज में खड़ी थी, तभी संजय भगत नामक युवक आया और उसने सहेलियों से कहा कि वे दूर चली जाएं, उसे कुछ बात करनी है। कुछ युवतियां हटी ही थीं कि अचानक संजय ने कट्टा निकाला और युवती को गोली मार दी। इसके ठीक बाद संजय ने खुद के माथे पर कट्टा रख ट्रिगर दबा दिया, जिससे मौक़े पर ही संजय की मौत हो गई। मामला एक तरफ़ा प्रेम प्रसंग का माना जा रहा है। युवती की हालत नाज़ुक बनी हुई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।