रायपुर। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने आज स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान 6 सूत्री मांगों पर सकारात्मक चर्चा होने की जानकारी मिली है। लेकिन मांगों पर कोई आश्वासन नहीं मिला है। वहीं मंत्री ने कहा कि विभागीय अधिकारियों से चर्चा के बाद स्वास्थ्य संयोजकों के साथ दोबारा बैठक की जाएगी। दरअसल, स्वास्थ्य संयोजकों को स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल मिलने के लिए बुलाया था। बैठक के बाद स्वास्थ्य संयोजकों ने कहा कि उनकी हड़ताल अभी जारी रहेगी। हालांकि स्वास्थ्य मंत्री से अच्छी चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा है कि, विभाग से चर्चा करने के बाद वे फिर हमारे साथ बैठक करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि घोषणा पत्र में कर्मचारियों के लिए कई बातों को रखा गया था, कर्मचारियों की 6 सूत्री मांगें हैं। उन्हें डाटा एंट्री का अतिरिक्त काम मिला है, जिससे उनमें असंतोष है। इनकी मांगों को लेकर विभाग के प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक का समय निर्धारित किया गया है। कुछ चीजें तत्काल भी हो सकती हैं, उस पर विचार किया जाएगा।