दो बच्चों की हत्या मामला, आम तोड़ने के विवाद में दोस्तों ने ले ली जान, 4 नाबालिक गिरफ्तार बलौदाबाजार। कसडोल थाना क्षेत्र में दो मासूम बच्चों की निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आज इस हत्याकांड का खुलासा किया। लेकिन सच जान हर कोई हैरान हो गया। पुलिस ने बताया कि आम तोड़ने के मामूली विवाद पर 4 नाबालिगों ने इस घटना को अंजाम दिया था। पूछताछ के बाद चारों नाबालिक को गिरफ्तार कर अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक बच्चों और आरोपी बच्चों के बीच आम तोड़ने की बात पर वाद विवाद हुआ था। वहीं घटना वाले दिन दोनों मृतक बच्चे नदी में नहा कर वापस घर आ रहे थे। इसी बीच उनका सामना आरोपी बच्चों से हो गया। जिसके बाद आरोपी अपचारी बालकों ने पहले हुए वाद विवाद की बात को लेकर बच्चों के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया। मारपीट से बचने के लिए लवेंद्र चेलक और शौर्य चेलक खेत की तरफ भागने लगे। आरोपी बालक भी मृतक बच्चों को पकड़ने के लिए इनके पीछे भागने लगे। गांव से कुछ दूर जाने के बाद इन चारों आरोपी बालकों ने दोनों बच्चों को घटनास्थल के पास घेरकर पकड़ा लिया। इसके बाद चारों अपचारी बालकों ने गुस्से में आकर पास में ही रखे लाठी से दोनों बच्चों को मारना शुरू कर दिया, जिससे घटनास्थल पर ही दोनों बच्चे शौर्य और लवेन्द्र की मृत्यु हो गई। आरोपी अपचारी बालकों से 2 नग लाठी बरामद किया गया है।