सहायक आरक्षक की नक्सलियों ने की निर्मम हत्या, इलाके में दहशत का माहौल सुकमा। जिले के बोदारास गांव में एक सहायक आरक्षक की नक्सलियों ने निर्मम हत्या कर दी। सहायक आरक्षक सुकमा पुलिस लाइन में पदस्थ था। वारदात शनिवार देर रात की है। पुलिस को रविवार सुबह हत्या की जानकारी मिली। इस सूचना के बाद थाने के जवान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। वहीं सहायक आरक्षक की हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। घटना कुकानार थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, सुकमा पुलिस लाइन में पदस्थ सहायक लखेश्वर नाग अपने गृहग्राम बोदारास में लगे वार्षिक मेला उत्सव देखने गया था। मेला देखने के बाद वह अपने घर पर ही रुक गया लेकिन शनिवार की देर रात नक्सलियों ने सहायक आरक्षक लखेश्वर बघेल को धारदार हथियार से मारकर मौत के घाट उतार दिया। घटना की खबर लगते ही एसडीओपी व कुकानार थाना प्रभारी मनीष मिश्रा फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की विवेचना में जुट गए। बताया जा रहा है कि घटना के पीछे नक्सलियों की स्माल ऐक्शन टीम का हाथ है। जानकारी के मुताबिक, इस टीम ने मेले में मौजूद रहकर दिनभर रेकी करने के बाद कॉन्स्टेबल पर देर रात हमला बोल दिया।