PBKS vs RCB : पंजाब की धमाकेदार जीत, कोहली-फाफ की पारी बेकार, बेंगलुरु की टीम 205 रन नहीं बचा पाई... स्पोर्ट्स डेस्क। पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने आईपीएल 2022 में जीत के साथ शानदार आगाज की है। पंजाब की टीम अपने आक्रामक बल्लेबाजी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के 205 रन के बड़े स्कोर को 6 गेंद शेष रहते पार कर लिया। रविवार को खेले गए मैच में बेंगलुरु के कप्तान फाफ डुप्लेसि (88) ने विस्फोटक पारी खेली। वहीं पूर्व कप्तान विराट कोहली (नाबाद 41) तथा अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (नाबाद 32) की तूफानी पारियों की बदौलत 20 ओवर में दो विकेट पर 205 रनों का विशाल स्कोर बनाया। लेकिन उसके गेंदबाज इस बड़े स्कोर का बचाव नहीं कर पाए। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब किंग्स ने अच्छी शुरुआत की। मयंक अग्रवाल और शिखर धवन ने पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 71 रन जोड़े। मयंक 24 गेंद पर 32 रन बनाकर लेग स्पिनर वानिंदु हसारंगा की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 2 चौका और 2 छक्का लगाया। इसके बाद धवन 29 गेंद पर 43 रन बनाकर तेज गेंदबाज हर्षल पटेल की गेंद पर आउट हुए। उन्होंने 5 चौका और एक छक्का जड़ा। भानुका ने खेली आक्रामक पारी नंबर-3 पर उतरे भानुका राजपक्षे ने आक्रामक पारी खेली। उन्होंने 22 गेंद पर 43 रन बनाए। स्ट्राइक रेट लगभग 200 का रहा। 2 चौके और 4 छक्के लगाए। उन्हें तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने आउट किया। इसके बाद उतरे राज अंगद बावा को सिराज ने पहली ही गेंद पर एलबीडब्लयू किया। इस तरह से स्कोर 4 विकेट पर 139 रन हो गया। लियाम लिविंगस्टोन ने भी बेहतरीन पारी खेली। उन्होंने 10 गेंद पर 19 रन बनाए और 2 छक्के जड़े। उन्हें तेज गेंदबाज आकाश दीप ने आउट किया। टीम ने 5वां विकेट 156 रन के स्कोर पर गंवाया। अब 31 गेंद पर 50 रन बनाने थे। इसके बाद शाहरुख खान और ओडियन स्मिथ ने टीम को संभाला। शाहरुख 20 गेंद पर 24 और स्मिथ 8 गेंद पर 25 रन बनाकर नाबाद रहे। स्मिथ ने 18वें ओवर में सिराज की गेंद पर 3 छक्के और एक चौका जड़ा। IPL-2022 : जीती बाजी हार गई मुंबई, दिल्ली कैपिटल्स ने रोमांचक मुकाबले में किया पस्त “A Lot Of Ravindra Jadeja”: Watch Shaheen Afridi Bowl Left-Arm Spin In Nets, Video Goes Viral