स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, विशेष दुकान से यूनिफार्म खरीदी की शिकायत, विभाग ने दिए सख्त निर्देश

स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, विशेष दुकान से यूनिफार्म खरीदी की शिकायत, विभाग ने दिए सख्त निर्देश रायपुर। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में किसी विशेष दुकान से यूनिफार्म खरीदने की अनिवार्यता संबंधी शिकायतों पर सरकार का पक्ष सामने आया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि विद्यार्थी किसी भी दुकान से यूनिफॉर्म खरीदने के लिए स्वतंत्र हैं। यह सूचना अब सभी स्कूलों के बोर्ड पर भी लिखनी होगी। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ आलोक शुक्ला ने सोशल मीडिया में इस संबंध में फैलाई जा रही अफवाहों का पुरजोर खंडन करते हुए कहा है कि सोशल मीडिया पर स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की छवि को धूमिल करने के लिए इस तरह की निराधार और पूरी तरह से असत्य अफवाहें फैलाई जा रही है। स्कूल शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. शुक्ला ने सभी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के प्राचार्य को अपने विद्यालय के सूचना पटल पर यह सूचना प्रदर्शित करने के निर्देश दिए हैं कि 'हम किसी भी विद्यार्थी को किसी विशेष दुकान से यूनिफॉर्म खरीदने के लिए दवाब नहीं डालते। विद्यार्थी किसी भी दुकान से यूनिफॉर्म खरीदने के लिए स्वतंत्र हैं। सरकार ने नवम्बर 2020 से स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की शुरुआत की थी। इसके लिये पुराने हायर सेकेंडरी स्कूलों में नया बुनियादी ढांचा खड़ा किया गया। शिक्षकों और गैर शैक्षणिक स्टाफ की व्यवस्था की गई है। प्रदेश भर में ऐसे 172 अंग्रेजी माध्यम स्कूलों का संचालन हो रहा है।