दो की मौत, शादी के लिए डीजे बुुकिंग करके लौटते समय हादसा, कार घर में घुसी बिलासपुर। तेज रफ्तार कार ने पैदल चल रहे युवक को कुचल दिया। इसके बाद कार घर में जा घुसी। बताया जा रहा है कि कार का ब्रेक फेल होने से यह हादसा हुआ। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं चालक समेत दो लोग घायल है। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कोनी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के प्रेम ध्रुव के घर में शादी होने वाली है। जिसके लिए वह अपने दोस्त तुषार यादव को लेकर कोनी क्षेत्र के ग्राम घुटकू में डीजे बजाने वाले युवक राहुल यादव के पास दोनों कार में सवार होकर बुकिंग कराने गए थे। सौदा तय होने के बाद वे राहुल यादव को साथ लेकर बिलासपुर अपने घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि कार सवार तीनों युवक बिलासपुर आ रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे उनकी कार ग्राम निरतू के पास पहुंची थी। तभी सामने आ रहे बाइक सवार को बचाने के चक्कर में चालक प्रेम ध्रुव ने कार को रॉन्ग साइड में घुमा दिया। कार की रफ्तार तेज थी। पहले उसने पैदल चल रहे जीतू यादव पिता स्व. रमेश यादव (22 साल) को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। फिर अनियंत्रित कार मकान में जा घुसी। इस घटना में कार के सामने सीट पर बैठे तुषार यादव पिता रामकृष्ण यादव की भी मौत हो गई। वहीं, चालक प्रेम ध्रुव और पीछे बैठे राहुल यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्हें इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।