नवा रायपुर के आंदोलनकारी किसानों को नोटिस, NRDA ने बिजली चोरी का लगाया आरोप रायपुर। नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (NRDA) कार्यालय के सामने किसाने तीन महीने से धरने पर बैठे हैं। लेकिन मांगे पूरी नहीं हुई है। अब किसान आंदोलन को तेज कर दिया है। इसी बीच आंदोलनकारी किसानों को NRDA ने बिजली चोरी का नोटिस थमा दिया है। NRDA ने आंदोलनरत किसानो पर आरोप लगाया गया है कि आंदोलनकारी NRDA कार्यालय के पैनल से अवैध रूप से बिजली लेकर धरना स्थल पर बल्ब और लाउडस्पीकर चला रहे हैं। यह काम प्राधिकरण की संपत्ति के दुरुपयोग और चोरी की श्रेणी में आता है। इस नोटिस के बाद किसान भड़के हुए हैं। एनआरडीए के सहायक अभियंता और कर्मचारी बुधवार को आंदोलन पंडाल की बिजली काटने पहुंचे थे। यह देखकर वहां बैठे किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। भारी विरोध के बाद कर्मचारी बिना कनेक्शन काटे वापस लौट गए। नई राजधानी प्रभावित किसान कल्याण समिति के अध्यक्ष रूपन चंद्राकर ने मीडिया को बताया, एनआरडीए के कर्मचारी मंगलवार रात को नोटिस लेकर आए थे क्योकि उनका कहना था कि हम लोग चोरी से बिजली जला रहे हैं। फ़िलहाल समिति ने वह नोटिस लेने से इनकार कर दिया। किसान नेता रूपन चंद्राकर ने कहा कि हमने एनआरडीए अफसरों को कह दिया है कि यह आंदोलन उनकी नीतियों की वजह से है। आप बिजली काटोगे तो किसान उनके दफ्तर में बैठ जाएंगे। प्राधिकरण इतने लोगों के लिए भोजन और रहने की व्यवस्था कर ले। किसानों का कहना था, एनआरडीए उनके अधिगृहीत खेत-जमीन वापस कर दे, वे पैसा लौटाने को तैयार हैं। आज इस विषय पर आज किसानो की SP और कलेक्टर से चर्चा होने की भी जानकारी मिली है।