कोरबा। जिले में तेज रफ्तार माजदा और दो पहिया मोपेड के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। जिससे मोपेड में भीषण आग लग गई और एक शख्स की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना बांगो थाना क्षेत्र की है। घटना की जानकारी मिलते ही डॉयल 112 के जवान मौके पर पहुंचे। माजदा के नीचे फंसे शख्स को आग से निकालने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन मोपेड सवार ग्रामीण को बचाया नहीं जा सका। जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात अंबिकापुर की ओर से माजदा मेटाडोर क्रमांक CG 15 LV 1151 गाड़ी में महुआ लोड कर कटघोरा की ओर जा रही थी। गाड़ी ग्राम परला के पास स्थित केंदई पुल के पास पहुंची ही थी, तभी सामने से TVS XL मोपेड से माजदा की भिड़ंत हो गई। जोरदार टक्कर के बाद एकाएक माजदा वाहन में आग लग गई। गाड़ी में आग लगते ही माजदा का चालक गाड़ी से बाहर कूद गया, वही मोपेड सवार ग्रामीण बुरी तरह से जख्मी होने के बाद माजदा के नीचे ही फंसा रहा। राहगीरों ने सड़क हादसे की जानकारी डायल 112 के जवान रजत कुमार को दी। जिसके बाद आरक्षक अपनी टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गया। मौके पर जब तक डायल 112 के जवान पहुंचे, इतने देर में माजदा वाहन धू-धू कर जल रही थी, और नीचे मोपेड सवार घायल ग्रामीण फंसा हुआ था। आनन-फानन में आरक्षक रजत कुमार और चालक लालसिंग ने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। दमकल की टीम को सूचना देने के बाद डायल 112 के जवान फायर एक्सटिंग्विशर से गाड़ी में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। लेकिन भीषण आग के सामने फायर एक्सटिंग्विशर ज्यादा देर तक काम नहीं आ सका, लिहाजा आरक्षक रजत कुमार रास्ते से गुजरने वाले ट्रक और दूसरे गाड़ियों को रोककर उनसे गाड़ी में रखे पानी की मदद लेकर आग पर काबू पाने का प्रयास दोबारा शुरू किया गया। इस प्रयास के दौरान आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया, लेकिन घायल ग्रामीण की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। शव को गाड़ी के नीचे से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में मरने वाले शख्स की पहचान कोरबी चौकी क्षेत्रांतर्गत ग्राम खड़पड़ी में रहने वाले प्यारेलाल बिंझवार के रूप में किया गया है।