कोरोना वैक्सीन, वयस्क अब निजी केंद्रों में लगा सकते हैं बूस्टर डोज, जानिए कीमत

कोरोना वैक्सीन, वयस्क अब निजी केंद्रों में लगा सकते हैं बूस्टर डोज, जानिए कीमत नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण का खतरा बना हुआ है। सरकार संक्रमण से बचाव के लिए वैक्सीन लगा रही है। वयस्कों के बाद अब बच्चों (12 वर्ष से अधिक) को भी वैक्सीन लगाई जा रही है। वहीं वयस्कों के बूस्टर डोज को लेकर भी घोषणा की गई है। केंद्र ने शनिवार को राज्यों से कहा कि प्रशासन बूस्टर डोज कोविड-19 रोधी उसी टीके की देगा, जो उसने पहले दो खुराकों में इस्तेमाल किया था। इसके लिए निजी टीकाकरण केंद्र अधिकतम 150 रुपये का सेवा शुल्क (सर्विस चार्ज) ले सकते हैं।

निजी टीकाकरण केंद्रों में बूस्टर डोज

केंद्र ने शनिवार को घोषणा की कि कोविड-19 रोधी टीकों की एहतियाती खुराक 10 अप्रैल से निजी टीकाकरण केंद्रों पर 18 साल से अधिक आयु के प्रत्येक व्यक्ति के लिए उपलब्ध होगी। दूसरी खुराक लिए नौ महीने की अवधि पूरी करने वाले 18 साल से अधिक आयु के सभी लोग एहतियाती खुराक ले सकते हैं।

रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं

 केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने यह बताया कि एहतियाती खुराक के लिए कोई नया रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी, क्योंकि पहले ही सभी लाभार्थी ‘कोविन’ मंच पर पंजीकृत हैं। भूषण ने शनिवार को सभी राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिवों के साथ बैठक की। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि सभी टीकाकरण कोविन मंच पर अनिवार्य रूप से दर्ज किए जाए और ‘ऑनलाइन अपॉइंटमेंट’ और ‘वॉक-इन रजिस्ट्रेशन’, दोनों विकल्प और टीकाकरण प्राइवेट कोविड वैक्सीनेशन सेंटर (सीवीसी) पर उपलब्ध होगा।

 सर्विस चार्ज के रूप में 150 रुपये से अधिक नहीं

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी दिशा निर्देशों के अनुसार वैक्सीनेशन साइट बनाए रखेंगे। भूषण ने कहा, ‘‘वे टीके की लागत से अधिक टीकाकरण के लिए सेवा शुल्क के रूप में प्रति खुराक अधिकतम 150 रुपये ले सकते हैं। एहतियाती खुराक के लिए उसी टीका का इस्तेमाल किया जाएगा, जो पहली और दूसरी खुराक के लिए इस्तेमाल किया गया था।’’

बूस्टर खुराकों के दामों में भारी कटौती

 कोविशील्ड और कोवैक्सीन ने अपनी बूस्टर खुराकों के दामों में भारी कटौती की है। पहले जहां कोविशील्ड की बूस्टर डोज 600 रुपए प्रति शॉट फिक्स की थी, आज इसकी कीमत 225 रुपए किया गया है। वहीं, कोवैक्सीन की बूस्टर डोज की कीमत भी 225 रुपए प्रति शॉट किया गया है। इससे पहले कोवैक्सीन ने अपनी बूस्टर डोज की कीमत 1200 रुपए प्रति शॉट निर्धारित किया था।

बुजुर्गों को सरकारी केंद्रों में निशुल्क टीका

भूषण ने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल कर्मी, अग्रिम मोर्चों के कर्मी और 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के नागरिक सरकारी टीकाकरण केंद्रों पर निशुल्क टीकाकारण समेत अन्य टीकाकरण केंद्रों पर एहतियाती खुराक ले सकते हैं।  वैक्सीनेशन अभियान तेज राज्यों को 12 वर्ष से अधिक आयु की आबादी को पहली और दूसरी खुराक देने के लिए चल रहा निशुल्क कोविड टीकाकारण अभियान तेज करने की भी सलाह दी गई। डिजिटल माध्यम से हुई इस बैठक में राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के स्वास्थ्य सचिवों, एनएचएम मिशन निदेशकों और अन्य अधिकारियों के साथ ही अतिरिक्त सचिव (स्वास्थ्य) डॉ. मनोहर अगनानी और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।