खैरागढ़ उपचुनाव में लापरवाही, कार्यपालन अभियंता निलंबित

खैरागढ़ उपचुनाव में लापरवाही, कार्यपालन अभियंता निलंबित राजनांदगांव। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी तारण प्रकाश सिन्हा ने कार्यपालन अभियंता चन्द्रशेखर बेलचंदन को निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि खैरागढ़ उपचुनाव में लापरवाही के चलते कार्रवाई की गई है। लेकिन निलंबन आदेश में इसका जिक्र नहीं किया गया है। हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता चन्द्रशेखर बेलचंदन द्वारा बिना कलेक्टर की अनुमति के मुख्यालय से प्रवास करने, बिना जिला निर्वाचन अधिकारी के पूर्व स्वीकृति लिए अवकाश पर प्रस्थान करने एवं भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्देशों की उपेक्षा करने के कारण लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के अधीन तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। कार्यपालन अभियंता बेलचंदन को निलंबन अवधि में जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी तथा निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मोहला रहेगा। कार्यपालन अभियंता छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल संभाग, राजनांदगांव, चन्द्रशेखर बेलचंदन बिना बताये अवकाश पर चले गए। इसके बाद उन्हें कई बार कारण बताओ नोटिस जारी करने के बाद भी उनके द्वारा कर्तव्य के प्रति लापरवाही एवं उपेक्षा की गई, जिसके कारण उन्हें निलंबित किया गया है।