डेस्क। मुंबई इंडियंस की खराब खेल जारी है। आज लखनऊ सुपर जाइंट्स ने आईपीएल 2022 के 26वें मुकाबले में मुंबई को 18 रनों से हरा दिया। मुंबई इंडियंस ने इसी के साथ इस सीजन में हार की डबल हैट्रिक लगाई। आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब मुंबई सीजन के पहले 6 मैच हारी है। लखनऊ दूसरे नंबर पर इससे पहले मुंबई 2014 में सीजन के पहले 5 मैच हारी थी। लखनऊ सुपर जाइंट्स इस जीत के साथ प्वाइंट्स टेबल में 8 अंक के साथ दूसरे पायदान पर पहुंच गई है, वहीं मुंबई 6 हार के साथ 10वें पायदान पर है। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान केएल राहुल के शतक के दम पर मुंबई के सामने 200 रनों का लक्ष्य रखा था जिसके सामने टीम 181 ही रन बना सकी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जाइंट्स को केएल राहुल और क्विंटन डी कॉक ने तेज तर्रार शुरुआत दी। 52 के स्कोर पर टीम को क्विंटन डी कॉक (24) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद राहुल को मनीष पांडे (38) का साथ मिला और दोनों के बीच 72 रनों की साझेदारी हुई। केएल राहुल ने 60 गेंदों पर 9 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 103 रन की नाबाद पारी खेली। लखनऊ ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 199 रन बनाए। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। रोहित शर्मा 6 और ईशान किशन 13 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने 13 गेंदों पर 31 रन की धुआंधार पारी खेल टीम को मुश्किल से निकाला। ब्रेविस को आवेश खान ने आउट किया। इसके बाद सूर्यकुमार (37) यादव और तिलक वर्मा (26) के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई, मगर रन रेट काफी बढ़ गया था। पोलार्ड ने अंत में 25 रन जरूर बनाए मगर वह टीम को जीता नहीं पाए। आवेश खान ने लखनऊ के लिए सबसे अधिक तीन विकेट लिए।