विद्युत् संविदा कर्मचारयों का जल सत्याग्रह, तीन की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती रायपुर। छत्तीसगढ़ के विद्युत् संविदा कर्मचारी अपनी 2 सूत्रीय मांगों को लेकर राजधानी रायपुर के बूढ़ा तालाब धरना स्थल पर आंदोलनरत है। कर्मचारी 38 दिनों से हड़ताल पर हैं। आज विद्युत् संविदा कर्मचारियों ने जल सत्याग्रह की शुरुआत की जल सत्याग्रह करने के लिए संविदा कर्मचारी बूढ़ा तालाब में उतर गए। इस दौरान तीन कर्मचारियों की तबियत बिगड़ गई। इस कारण तीनों को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। विद्युत् संविदा कर्मचारियों ने बताया कि जल सत्याग्रह के दौरान सत्याग्रहियों को गहराई का सहीं अंदाजा नहीं हो पाया और वे डुबने लगे। किसी तरह उन्हें बाहर निकाला गया। डूबने के दौरान उनके पेट में गंदा पानी चले जाने के कारण उन्हें उल्टी होने लगी। इसके बाद उन्हें मेकाहारा अस्पताल में भर्ती इलाज के लिए भर्ती किया गया। इन सत्याग्रहियों के नाम तपन पैंकरा, आकाश सिदार और मौसा शुभम हैं। बता दें इससे पहले भी संविदा कर्मचारी सरकार और पावर कंपनी प्रबंधन का आकर्षण पाने के लिए अब तक हवन, यज्ञ, अर्धनग्न प्रदर्शन, मुख्यमंत्री निवास घेराव, विधानसभा घेराव, कफन ओढ़कर प्रदर्शन जैसे तमाम तरह के आयोजन कर चुके हैं। इसके बाद भी विद्युत् संविदा कर्मचारियों की मांगों पर अब तक कोई भी सकारात्मक पहल नहीं हो सकी है। इसी तारतम्य में आज जल सत्याग्रह किया गया।