कोरोना के बढ़ते मामले ने बढ़ाई चिंता, 2 हजार से अधिक मामले आए सामने, जानें मृत्यु दर

कोरोना के बढ़ते मामले ने बढ़ाई चिंता, 2 हजार से अधिक मामले आए सामने, जानें मृत्यु दर नई दिल्ली। देश में फिर से कोरोना तेजी से पैर पसार रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संक्रमण की तेज रफ्तार ने देशभर के लोगों की चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी गुरुवार के आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटों में कोरोना के 2380 मामले सामने आए हैं जो कि कल की तुलना में 313 अधिक है। वहीं कोरोना से 56 लोगों की मौत भी हो गई। हालांकि, 1231 लोग डिस्चार्ज भी हुए। देश में सक्रिय मरीज की संख्या भी बढ़कर 13,433 हो गई, जो कि चिंता का विषय है। महामारी की शुरुआत से लेकर अब तक कुल 5,22,062 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस दौरान कुल 4,25,14,479 लोग स्वस्थ भी हुए। कुल मामले: 4,30,49,974 सक्रिय मामले: 13,433 कुल रिकवरी: 4,25,14,479 कुल मौतें: 5,22,062 कुल वैक्सीनेशन: 1,87,07,08,111

तीन महीने बाद बढ़ोतरी

देश में कोरोना की आर वैल्यू पिछले तीन महीने में पहली बार एक से ऊपर रही। जानकारी के मुताबिक यह संक्रमण को लेकर बढ़ते हुए खतरे का संकेत है। बता दें कि आर वैल्यू संक्रमण प्रसार दर होती है। यह दर्शाती है कि संक्रमण कितनी तेजी से फैल रहा है।

बुधवार को 66 फीसदी बढ़े थे मामले

बीते बुधवार को मंगलवार की तुलना में 66 फीसदी अधिक केस सामने आए थे। बुधवार के आंकड़े के अनुसार कुल संक्रमितों की संख्या 2067 थी जो कि मंगलवार की तुलना में 820 अधिक यानी 66 फीसदी अधिक थी।