किसान से 49 लाख रुपये की ठगी, बीमा के नाम पर दिया झांसा, ऐसे बिछाया जाल रायपुर। एक किसान से 49 लाख रुपये की ठगी हो गई। जाल बिछाने के लिए ठगों ने उन्हें अलग-अलग नंबरों से फोन किया था। बोनस का लाभ देकर उनसे कई किश्तों में रुपए जमा कराये गए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खमतराई पुलिस के मुताबिक, किसान मनमोहन वर्मा के पास बीते वर्ष-2011 में फोन आया। फोन करने वाले ने स्वयं को मैक्स लाइफ और आदित्य बिड़ला इंश्योरेंस कंपनी का एजेंट बताया। उसने फोन पर उन्हें झांसे में लिया। कहा कि पांच लाख के इंश्योरेंस में दो वर्ष के भीतर 10 लाख रुपये का बोनस मिलेगा। साथ ही हर तीन-चार महीने के भीतर कमीशन सीधे बैंक अकाउंट में आने की बातें कहीं। उनके कहने में आकर मनमोहन ने फिर से पांच लाख का बीमा ले लिया। ठगों ने ऐसा कुल चार भागों में कर मनमोहन से अपने अकाउंट में 49 लाख रुपये डलवा लिए। अपै्रल-2022 तक जब उन्हें एक बार भी बोनस नहीं मिला तब उन्हें ठगी का आभाष हुआ। उन्होंने थाने जाकर पुलिस को पूरी जानकारी दी। जांच के बाद पुलिस ने अज्ञात फोनधारक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।