IAS पूजा सिंघल के ठिकानों पर छापेमारी, CA के घर 19 करोड़ 31 लाख नकद बरामद, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीन

IAS पूजा सिंघल के ठिकानों पर छापेमारी, CA के घर 19 करोड़ 31 लाख नकद बरामद, नोट गिनने मंगानी पड़ी मशीन रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को झारखंड में बड़ी कार्रवाई की है। सीनियर आईएएस और राज्य की खनन व उद्योग सचिव पूजा सिंघल के कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान पूजा सिंघल के पति व कारोबारी अभिषेक झा के चार्टर्ड एकाउंटेंट के यहां से 19 करोड़ 31 लाख नकद बरामद की गई। यहां नोट गिनने के लिए मशीनी मंगानी पड़ी। वहीं अलग-अलग जगहों से 150 करोड़ से अधिक के निवेश के कागजात भी मिले हैं। हालांकि इस बारे में ईडी ने अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।  जानकारी के मुताबिक, पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के चार्टर्ड एकाउंटेंट सुमन कुमार के बूटी हनुमाननगर स्थित सोनाली अपार्टमेंट से मिले 19.31 करोड़ से अधिक नकदी के विषय में ईडी जानकारी जुटा रही है। वहीं ईडी के अधिकारी निवेश के दस्तावेजों की भी पड़ताल कर रहे हैं। इसके लिए केन्द्र सरकार के वित्त विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है। ईडी की टीम ने शुक्रवार की सुबह छह बजे एक साथ 5 राज्यों में छापेमारी शुरू की। यह दबिश रांची, मुजफ्फरपुर, कोलकाता, दिल्ली व जयपुर में हुई। रांची में छापेमारी का नेतृत्व ईडी के ज्वाइंट डायरेक्टर स्तर के अधिकारी कपिल राज कर रहे हैं। बता दें कि 2000 बैच की आईएएस पूजा सिंघल खूंटी व चतरा में मनरेगा घोटाले में जांच के दायरे में है। ईडी ने पूर्व में मनरेगा घोटाले में जूनियर इंजीनियर रामविनोद सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई की थी। रामविनोद से पूछताछ में आए तथ्यों के आधार पर ईडी ने पूजा सिंघल की भूमिका की जांच शुरू की थी। मनरेगा घोटाले के साथ-साथ अलग अलग पदों पर रहते हुए लाभ अर्जित कर पैसों की मनी लाउंड्रिंग के पहलुओं पर जांच की जा रही है।