दर्दनाक हादसा, तीन मंजिल बिल्डिंग में लगी आग, 7 जिंदा जलकर मौत, कई गंभीर

दर्दनाक हादसा, तीन मंजिल बिल्डिंग में लगी आग, 7 जिंदा जलकर मौत, कई गंभीर भोपाल। इंदौर में शुक्रवार की देर रात एक तीन मंजिल वाली बिल्डिंग में आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई जबकि 8 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। मामला विजय नगर के स्वर्णबाग मोहल्ला का है। बताया जा रहा है कि देर रात अचानक बिल्डिंग से धुआं निकलने लगा, जब तक लोग कुछ समझ पाते आग ने भीषण रूप ले लिया। आग की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को दी। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। बिल्डिंग के अंदर मौजूद 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो चुकी थी। लोगों की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने आग लगने के कारणों के संबंध में जांच पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण बताया जा रहा है। उधर, आग की सूचना के बाद आसपास के मौजूद घरों और बिल्डिंग से लोग बाहर निकलकर सड़क पर आ गए। हालांकि आग से आसपास के घरों या फिर बिल्डिंग को किसी तरह के नुकसान पहुंचने की खबर नहीं है।