छत्तीसगढ़ के क्रिकेटर हरप्रीत सिंह भाटिया फरार, पुलिस खोजबीन में लगी, जानिए पूरा मामला रायपुर। छत्तीसगढ़ के क्रिकेटर हरप्रीत सिंह भाटिया के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज हुआ है। पुलिस अब भाटिया की तलाश कर रही है। वह केस दर्ज होने के बाद फरार हैं। हरप्रीत के खिलाफ रायपुर के विधानसभा थाने में केस दर्ज की गई है। मामला फर्जी डॉक्यूमेंट के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने का है। रायपुर के महालेखाकार दफ्तर ने विधानसभा थाने में शिकायत की है। इस शिकायत में कहा गया है कि साल 2014 में लेखापाल पद पर भर्ती के लिए हरप्रीत सिंह भाटिया ने आवेदन दिया था। इसमें शैक्षणिक योग्यता के तहत हरप्रीत सिंह भाटिया ने झांसी के बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से बीकॉम फाइनल ईयर की मार्कशीट दी थी। इस फर्जी दस्तावेज के सहारे हरप्रीत सिंह भाटिया ने नौकरी हासिल कर ली। 2014 से अब तक महालेखाकार विभाग ने जांच की, लेकिन रिपोर्ट सामने नहीं आई। इसके चलते क्रिकेटर के खिलाफ मामला उजागर नहीं हो सका। अब बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की तरफ से बताया गया कि उन्होंने हरप्रीत सिंह को मार्कशीट जारी ही नहीं की है। विभाग ने हरप्रीत सिंह भाटिया के खिलाफ धारा 420 धारा 468 धारा 467 धारा 469 धारा 470 और 471 में मामला दर्ज कराया है। पुलिस को हरप्रीत सिंह भाटिया की तलाश है। हरप्रीत सिंह भाटिया अपना फोन स्विच ऑफ करके फरार हो चुके हैं। महालेखाकार कार्यालय के अधिकारियों से इस मामले में पूछे जाने पर उन्होंने भी चुप्पी साध ली है और किसी तरह की कोई जानकारी नहीं दी। अब पुलिस इस केस में हरप्रीत दुर्ग भिलाई के ठिकानों पर दबिश दे सकती है। हरप्रीत का क्रिकेट करियर हरप्रीत साल 2016-17 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सर्वाधिक रन स्कोरर थे। 4 मुकाबलों में 145 के स्टाइक रेट से उन्होंने 211 रन बनाए थे। विजय हजारे ट्रॉफी में भी हरप्रीत ने 629 रन बनाकर सभी को इम्प्रेस किया। IPL में डेक्कन चार्जर्स समेत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम में रह चुके हरप्रीत सिंह छत्तीसगढ़ रणजी टीम के कप्तान हैं।