जिस हेलीकाप्टर पर सीएम भूपेश करते थे सफर, वो रायपुर में हो गया क्रैश, दो पायलट की मौत रायपुर। राजधानी रायपुर एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ सरकार का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया है। हादसे में 2 पायलटों की मौत हो गई है। लैंडिंग के वक्त यह हादसा हुआ है। राज्य सरकार का हेलीकॉप्टर अगस्ता क्रैश हुआ है। इस घटना में हैलीकाप्टर पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शोक जताया है। मिली जानकारी के अनुसार, माना स्थित स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट एपी श्रीवास्तव और कैप्टन गोपाल कृष्ण पंडा सवार थे। टेस्टिंग के दौरान हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है। हादसे में को-पायलेट की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरे पायलट को गंभीरावस्था में आंबेडकर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रायपुर एयरपोर्ट के निदेशक राकेश सहाय ने हादसे की पुष्टि की है। बताया जाता है कि प्रैक्टिस के बाद हेलीकॉप्टर लैंड कर रहे थे। इसी दौरान चिंगारी निकलते ही हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। सीएम भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा कि रायपुर एयरपोर्ट पर स्टेट हेलीकॉप्टर के क्रैश होने की दुखद सूचना मिली। हादसे में पायलट कैप्टन पंडा और कैप्टन श्रीवास्तव का दुखद निधन हो गया है। एयरपोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर राज्य सरकार का हेलीकॉप्टर अगस्ता लैंडिंग के वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रनवे के अंत में हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है। हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलट ट्रेनी बताए जा रहे हैं। प्रैक्टिस के बाद हेलीकॉप्टर लैंड कर रहे थे, उस दौरान चिंगारी निकलते ही क्रैश हो गया। इस हादसे के बाद एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का माहौल है। फायर ब्रिगेड की टीम और सीआईएसएफ के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। यह भी पढ़े– नौकरी : स्वामी आत्मानंद हिंदी मीडियम स्कूल में निकली भर्ती, जानें शैक्षणिक योग्यता