सहारा इंडिया के दो संचालक समेत चार की गिरफ्तारी, रिमांड पर भेजा गया जेल राजनांदगांव। सहारा इंडिया कंपनी के दो संचालकों व दो सहायकों समेत चार की गिरफ्तारी हुई है। आरोप है कि परिवक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी निवेशकों की जमा रकम वापस नहीं की गई। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के आधार पर इस मामले में कई ओैर की गिरफ्तारी हो सकती है। चिटफंड कंपनियों के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच सहारा इंडिया जैसी किसी बड़ी वित्तीय कंपनी के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई है। निवेशकों की जमा रकम वापस नहीं करने पर खुद अभिकर्ताओं ने सहारा इंडिया के संचालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कराया था। 26 नवंबर 2021 को कोतवाली पुलिस ने सहारा की चार शाखा कंपनियों सहारा क्रेडिट सहकारी समिति मर्यादित, सहारा सेंट्रल, क्यू-शाप प्रोडक्ट रेंज लिमिडेट व सहारा मल्टी स्टेट कंपनी के संचालकों के खिलाफ भादंवि की धारा 409 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया था। सभी कंपनियों का मुख्यालय लखनऊ ही है। तीन दिन पहले जिला पुलिस की विशेष टीम लखनऊ भेजी गई थी। इनकी की गई गिरफ्तारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एस. महादेवा के अनुसार सहारा मुख्यालय लखनऊ से सहारा के संचालक सिटी प्लाजा लखनऊ निवासी मो. आलिद, पेपर मिल कालोनी लखनऊ निवासी शैलेष मोहन, उनके सहायकों में राजाजीपुरम लखनऊ निवासी प्रदीप कुमार व अलीगढ़ निवासी लालजी वर्मा को गिरफ्तार किया गया है। दोपहर बाद सभी को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस रिमांड पर उन्हें जेल भेज दिया गया। एएसपी ने बताया कि पूछताछ के आधार पर कुछ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।