CSK vs GT: गुजरात ने चेन्नई को 7 विकेट से हराया, साहा की नाबाद पारी

CSK vs GT: गुजरात ने चेन्नई को 7 विकेट से हराया, साहा की नाबाद पारी स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2022 के 62वें मुकाबले में रविवार को गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 7 विकेट से हरा दिया है। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टॉस जीतकर चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। चेन्नई ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 133 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में गुजरात की टीम ने 19.1 ओवर में 3 विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल किया। इस जीत के साथ गुजरात की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है और शीर्ष दो में अपनी जगह पक्की कर ली है। टीम को ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (19 मई) के खिलाफ खेलना है। उस मैच को हारने पर भी गुजरात की टीम पहले दो स्थानों पर बनी रहेगी। इसका मतलब है कि टीम को फाइनल में जगह बनाने का एक अतिरिक्त मौका मिलेगा। गुजरात ने अब तक 13 मैचों में 10 मैच जीते हैं और उसके 20 अंक हैं। वहीं टीम को सिर्फ 3 मैचों में हार मिली है। वहीं चेन्नई की यह 13 मैचों में नौवीं हार थी। टीम 4 जीत और आठ अंकों के साथ अंक तालिका में नौवें स्थान पर है। चेन्नई की टीम पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और उसे सीजन का आखिरी मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 20 मई को खेलना है।