भेंट-मुलाकात : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने की जगरगुंडा को तहसील बनाने की घोषणा, यहां मिनी स्टेडियम का किया वादा
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भेंट-मुलाकात अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की। बुधवार को वे सुकमा जिले के कोंटा पहुंचे। यहा वे राम लिंगेश्वर मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री का कोंटा के गर्ल्स हायर सेकंडरी स्कूल में बने अस्थायी हैलीपेड पर उनके स्वागत के लिए भारी जनसमूह मौजूद था, जिन्होंने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से आत्मीय स्वागत किया। स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री को छिंद पत्तों से बना परम्परागत गुलदस्ता भेंट किया गया। भेंट-मुलाकात से पूर्व मुख्यमंत्री सबसे पहले श्री राम लिंगेश्वर मंदिर पहुंचे और मंदिर में मौजूद स्तम्भ, शिवलिंग व नंदी की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि की कामना की।
बस्तर संभाग में भेंट-मुलाकात अभियान के दूसरे चरण में मुख्यमंत्री 18 मई से 2 जून तक बस्तर के विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे। कोंटा विधानसभा क्षेत्र से शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री श्री राम लिंगेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के निरीक्षण करने पहुंचे। यहां उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में मौजूद बुजुर्ग मरीज के साथ बैठकर उनसे बातचीत की।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश ने प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में भेंट-मुलाकात कर रहे हैं। भेंट-मुलाकात अभियान के पहले चरण में मुख्यमंत्री बघेल 4 से 11 मई तक सरगुजा संभाग में थे। इस दौरान उन्होंने तीन जिलों के आठ विधानसभा में जनता के बीच पहुंचकर शासकीय योजनाओं को क्रियान्वयन और जनता को मिल रहे लाभ को जाना। वहीं मुख्यमंत्री ने संपर्क-संवाद-समाधान के ध्येय के साथ जनता से सीधी बात की और उनकी समस्या को जाना, साथ ही उन समस्या का त्वरित निराकरण किया।