Panchayat Season 2 : पंचायत दो दिन पहले हुई रिलीज, दर्शकों ने की तारीफ

Panchayat Season 2 : पंचायत दो दिन पहले हुई रिलीज, दर्शकों ने की तारीफ मुंबई। पंचायत सीजन 2 बुधवार शाम को रिलीज हो गया। कई फैन्स ने इसे देख भी डाला है। दर्शक इसे पहले सीजन से भी बढ़िया बता रहे हैं। ट्विटर पर इसका (Panchayat Season 2) ट्रेंड छाया हुआ है। वेब शो के डायरेक्टर दीपक कुमार मिश्रा हैं। इसमें जितेंद्र कुमार लीड रोल में हैं और साथ में रघुबीर यादव और नीना गुप्ता जैसी कास्ट है। गौरतलब है कि पंचायत (Panchayat Season 2) सीजन 1 को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला। इसके सीजन 2 का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। मेकर्स ने सोमवार को घोषणा की थी कि वेब सीरीज 20 मई को रिलीज होगी। हालांकि इसे 2 दिन पहले ही रिलीज कर दिया गया।

इस वजह से पहले किया रिलीज

पंचायत पॉप्युलर (Panchayat Season 2)  वेब सीरीज है। दर्शक इसको देखने का लंबे वक्त से इंतजार कर रहे थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीरीज के ऑनलाइन लीक होने की खबर आने के बाद मेकर्स ने इसे तय समय से पहले रिलीज कर दिया है। 

रिंकी को लेकर एक्साइटमेंट

पंचायत का पहला सीजन 2020 में आया था। इसमें फुलेरा गांव का ग्राम पंचायत सचिव अभिषेक त्रिपाठी की कहानी दिखाई गई थी। इंजीनियरिंग करने के बाद अभिषेक फुलेरा आ जाते हैं और साथ ही इस गांव से निकलने के लिए MBA की तैयारी करते रहते हैं पर सफल नहीं होते। बीते सीजन में अभिषेक की जिंदगी में कोई लड़की नहीं थी। इसमें प्रधान की बेटी रिंकी की हल्की सी झलक दिखाई गई थी। इस बार रिंकी को लेकर भी लोगों में उत्सुकता है। देखने वाले बता रहे हैं कि रिंकी का रोल इसमें पहले से ज्यादा और अच्छा है। सीरीज को काफी तारीफ मिल रही है।

जितेंद्र को नहीं थी इतने प्यार की उम्मीद

एक इंटरव्यू के दौरान अभिषेक का रोल निभा रहे जितेंद्र कुमार बता चुके हैं कि शूटिंग के वक्त उन्हें काफी मजा आया था। मुझे पता था कि इसका नतीजा अच्छा ही होगा। उन्होंने यह भी कहा कि इतना प्यार मिलेगा, यह उम्मीद नहीं थी। इस वेब सीरीज (Panchayat Season 2) को टीवीएफ फेम दीपक कुमार ने निर्देशित किया है। इस सीरीज में ग्रामीण जीवन की सहजता के बीच दिलचस्प किस्सों को दिखाया गया है। गांव या कस्बे में रहने वाले लोगों को इसे देखने के बाद अपनापन महसूस होता है। 

टाइटल 'पंचायत' रखने की कहानी दिलचस्प

वेब सीरीज पंचायत की कहानी फुलेरा गांव की पृष्ठभूमि पर बुनी गई है। इस देखने के बाद अपने गांव की याद आने लगती है। इस वेब सीरीज का टाइटल 'पंचायत' काफी दिलचस्प है। सीरीज के निर्देशक दीपक कुमार ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया है कि आखिर क्यों उन्होंने इसका नाम पंचायत रखा। उन्होंने बताया कि- 'जब हम छोटे थे तो मालगुड़ी डेज और पंचतंत्र जैसे शो देखकर बड़े हुए हैं। ऐसे में मैं इसको वास्तविकता से जोड़ना चाहता था।' दीपक कुमार ने कहा- 'भारत के गांव की पहचान पंचायत है। हमने इसके जरिए गांव की हकीकत सबके सामने रखी है। हम नए जमाने की पीढ़ी को यह दिखाना चाहते थे बचपन में हम क्या देखकर बड़े हुए हैं और पंचायत का नाम दर्शकों को उनकी मातृभूमि से जोड़ता है।' उन्होंने कहा- 'हमें आज की पीढ़ी को इस समय के शो जैसा अनुभव कराने में काफी समय लगा।' पंचायत में एक ऐसे गांव की कहानी दिखाई गई है, जहां हर तरह के विचित्र लोग रहते हैं। प्रधान मंजू देवी हों या फिर प्रधान पति दुबे जी, उनकी बिटिया रिंकी हो या फिर सचिव अभिषेक त्रिपाठी। इस सीरीज को देखकर आपको ऐसा महसूस होगा कि ये सब किरदार इनके लिए ही बहुत चुन कर लिखे गए हैं। बता दें कि इस वेब सीरीज की शूटिंग मध्य प्रदेश के भोपाल के पास स्थित एक छोटे से गांव में हुई है। इसमें कोई बड़ी स्टारकास्ट नहीं है और न ही कोई तड़क-भड़क है, लेकिन हर कलाकार ने अपने किरदार के साथ पूरा न्याय किया है।