आईपीएल में कोहली की विराट पारी, प्लेऑफ की उम्मीद बरकरार स्पोर्ट्स डेस्क। इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) में गुरुवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) ने गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ फिफ्टी जमाई। कोहली ने अपनी इस पारी में 73 रन बनाए और अपनी टीम को शानदार जीत दिलवाई। आरसीबी मैच खत्म कर पाती उससे पहले गुजरात टाइटन्स के उप-कप्तान राशिद खान की बॉल पर विराट कोहली स्टम्प आउट हो गए। कोहली ने अपनी इस पारी में 54 बॉल में 73 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। विराट कोहली जिस जोश और जिस अंदाज़ के लिए जाने जाते हैं, वो इस पारी में भरपूर देखने को मिला। खुद विराट कोहली लगातार हर शॉट पर जश्न मना रहे थे और बार-बार फैन्स की ओर इशारा कर रहे थे। विराट कोहली की इस सीजन में यह दूसरी हाफ-सेंचुरी है, लेकिन उनकी पिछली फिफ्टी काफी धीमी थी। लेकिन गुरुवार को विराट कोहली गुजरात के बॉलर्स पर बरस पड़े और शानदार शॉट्स लगाए। विराट कोहली ने सिक्स उड़ाकर अपनी फिफ्टी पूरी की जो सिर्फ 33 बॉल में आई। विराट कोहली ने इस पारी के साथ एक बड़ा रिकॉर्ड भी बना लिया है। टी-20 क्रिकेट में विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 7000 रन पूरे कर लिए हैं। वह ऐसा करने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। ये आईपीएल और चैम्पियंस ट्रॉफी मिलाकर हैं। विराट कोहली इस पूरे टूर्नामेंट में बुरी फॉर्म से जूझते रहे हैं। वह इस सीजन में तीन बार गोल्डन डक पर आउट हो चुके हैं, इस पारी से पहले विराट कोहली ने सिर्फ एक ही फिफ्टी जड़ी थी। टूर्नामेंट में विराट कोहली का बल्लेबाजी औसत सिर्फ 20 के आसपास ही रहा। खराब फॉर्म की वजह से विराट कोहली लगातार निशाने पर थे, कई क्रिकेट एक्सपर्ट, पूर्व क्रिकेटर्स ने उन्हें आराम लेने की सलाह दी थी। यहां तक कि आईपीएल को ही बीच में छोड़ने के लिए कह दिया था। हालांकि, विराट कोहली ने अब बयान भी दिया है कि अगर उन्हें लगेगा कि आराम की ज़रूरत है, तो वह जरूर ब्रेक लेंगे।