RCB vs GT : गुजरात टाइटंस की हार से आरसीबी मजबूत, 5 टीमें प्लेऑफ से बाहर

RCB vs GT : गुजरात टाइटंस की हार से आरसीबी मजबूत, 5 टीमें प्लेऑफ से बाहर स्पोर्ट्स डेस्क। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने गुरुवार को गुजरात टाइटंस को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इसके जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने कोहली और फाफ के बीच हुई शतकीय साझेदारी के दम पर 18.4 ओवर में दो विकेट पर 170 रन बनाकर ये मैच अपने नाम किया। इस जीत के साथ बैंगलोर की टीम तालिका में टॉप-4 में पहुंच गई है। बैंगलोर के 14 मैच में 16 अंक हो गए हैं। इसी के साथ सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं। क्योंकि इनके अभी 12 अंक हैं हालांकि दोनों टीमों के 1-1 मैच बाकी हैं। लेकिन ये मैच जीतने के बाद भी उनके 14 अंक ही होंगे। चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हैं।  कप्तान हार्दिक पंड्या के अर्धशतक की मदद से गुजरात टाइटंस ने पांच विकेट पर 168 रन बनाये थे । पिछले कुछ मैचों से बड़ी पारी नहीं खेल सके हार्दिक ने 47 गेंद में नाबाद 62 रन बनाकर प्लेआफ की तैयारी पुख्ता की। जवाब में आरसीबी के लिये कोहली ने 54 गेंद में 73 और कप्तान फाफ डु प्लेसी ने 38 गेंद में 44 रन की पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट की साझेदारी में 115 रन जोड़े। ग्लेन मैक्सवेल 18 गेंद में 40 रन बनाकर नाबाद रहे और आरसीबी ने आठ गेंद बाकी रहते जीत दर्ज की ।  इस जीत से आरसीबी 16 अंक लेकर तालिका में चौथे स्थान पर है लेकिन उसे दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मैच के नतीजे का इंतजार करना होगा। दिल्ली के हारने पर आरसीबी प्लेआफ में पहुंच जाएगी।  इससे पहले आरसीबी के गेंदबाजों ने गुजरात के तीन विकेट दस ओवर में 72 रन पर निकाल दिये थे। ऋधिमान साहा ने 22 गेंद में 31 रन बनाये लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके। साहा के सलामी जोड़ीदार शुभमन गिल सस्ते में आउट हो गए । जोश हेजलवुड की बेहतरीन गेंद पर उन्होंने स्लिप में शॉट खेला जहां ग्लेन मैक्सवेल ने अपने दाहिने ओर डाइव लगाकर शानदार कैच लपका। आईपीएल में अपने चिर परिचित फॉर्म में नहीं दिख रहे मैथ्यू वेड को मैक्सवेल ने पगबाधा आउट किया । वेड को हालांकि लगा था कि उन्होंने स्वीप शॉट खेला है और उन्होंने मैदानी अंपायर के फैसले पर रिव्यू भी लिया। लेकिन वह पगबाधा आउट करार दिये गए। अल्ट्रा एज से गेंद की स्पष्ट मूवमेंट पकड़ में नहीं आई और टीवी अंपायर मैदानी अंपायर के फैसले के साथ गए। साहा ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का जड़ा । कप्तान पंड्या के साथ गलतफहमी का शिकार होकर वह रन आउट हो गए ।