लालू प्रसाद यादव के ठिकानों पर सीबीआई की दबिश, नौकरी लगवाने के बदले जमीन लेने का आरोप

लालू प्रसाद यादव के ठिकानों पर सीबीआई की दबिश, नौकरी लगवाने के बदले जमीन लेने का आरोप नई दिल्ली। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के ठिकानों पर एक बार फिर केंद्रीय जांच एजेंसी ने दबिश दी है। उनसे जुड़े 17 ठिकानों पर सीबीआई छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई बिहार के सीएम कार्यकाल के दौरान लालू प्रसाद यादव के कथित भ्रष्टाचार को लेकर की जा रही है।  सीबीआई ने शुक्रवार सुबह एक साथ कार्रवाई शुरू की। लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटी मीसा भारती के पटना, गोपालगंज और दिल्ली स्थित जगहों पर कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि राजद नेता के खिलाफ रेलवे भर्ती घोटाले को लेकर नया केस दर्ज किया गया है।  आरोप है कि संप्रग सरकार के जब लालू यादव रेल मंत्री थे, तब नौकरी लगवाने के बदले में आवेदकों से जमीन और प्लॉट लिए गए थे। सीबीआई ने इस मामले में जांच के बाद लालू और उनकी बेटी के खिलाफ मामला दर्ज किया था।  लालू प्रसाद यादव 2004 से 2009 के बीच तत्कालीन संप्रग सरकार में रेलमंत्री थे। जब वह रेल मंत्री थे, जब ऐसे कई मामले सामने आए थे कि नौकरी के बदले जमीन दी गई थी।  सीबीआई की छापा कार्रवाई को लेकर राजद प्रवक्ता आलोक मेहता ने कहा है कि यह एक सशक्त आवाज को कुचलने का प्रयास है। यह पूरी तरह से पक्षपातपूर्ण है।