हत्या या दुर्घटना : सड़क किनारे मिली पत्रकार की लाश, पुलिस ने जताई ये आशंका  

हत्या या दुर्घटना : सड़क किनारे मिली पत्रकार की लाश, पुलिस ने जताई ये आशंका   रायपुर। राजधानी रायपुर में सड़क किनारे एक पत्रकार शव बरामद हुआ है। लाश मिलने से लोग कई तरह की आशंका जता रहे हैं। वहीं पुलिस प्रथम दृष्टिया रोड एक्सीडेंट का मामला मान रही है। कुछ लोग इसे हत्या भी मान रहे हैं। हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इसमें कुछ कहने की बात कह रही है। राखी पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक युवराज रायपुर के एक न्यूज एजेंसी में काम करता था। आशंका है कि पत्रकार को किसी गाड़ी ने टक्कर मार दी। घटना नया रायपुर के निमोरा गांव की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने सुबह लाश देखी, जिसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई। युवक का नाम युवराज शुक्ला बताया जा रहा है। युवक के पास से प्रेस की आईडी कार्ड भी मिली है। युवराज के शव के कुछ ही दूरी पर उसकी वैगनआर कार खड़ी थी। राखी पुलिस के मुताबिक, युवक दुर्ग जिले का रहने वाला था और राजिम अपने परिवार के शादी समारोह में शामिल होने आया था। गुरुवार की रात कार से अपने घर दुर्ग जाने के लिए निकला था। इस दौरान उसे परिजनों ने रात में घर जाने से काफी रोका, लेकिन वो नहीं माना और कार से दुर्ग के लिए निकल पड़ा। इस दौरान निमोरा के पास उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को शव सौंप दिया है।