बीजेपी संगठन में बदलाव के कयास, डॉ रमन सिंह बोले- सबको अध्यक्ष बनने की इच्छा, नए कपड़े सिलवा लिये रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की लगातार हार हो रही है। इससे अब प्रदेश संगठन में बदलाव की बात कही जा रही है। इस कयास पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के कार्यकाल का लंबा समय बचा है। जब राष्ट्रीय अध्यक्ष बदलते हैं और उनका चुनाव होता है तो राज्यों के संगठन में भी बदलाव होता है। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनने की इच्छा किसको नहीं होती। सब अपने मन में इच्छा पाल कर रखे हैं। कुछ ने नए कपड़े भी सिलवा लिए हैं। रमन ने कहा कि भाजपा अब नए लोगों को जोड़ने का अभियान चलाएगी। हर वर्ग के लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। भाजपा का एकमात्र एजेंडा विकास है। जयपुर में भाजपा के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होकर रायपुर लौटे डॉ. रमन ने विमानतल पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि विकास के मुद्दों पर ही काम होने चाहिए। विकासवाद को लेकर भाजपा चलती आ रही है। राष्ट्रीय संगठन ने फैसला किया है कि भाजपा से नए लोगों को जोड़ा जाएगा। नए लोगों में डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, पत्रकार हर वर्ग के लोगों को शामिल किए जाएंगे। डॉ. रमन ने कहा कि छत्तीसगढ़ को लेकर अलग से कोई बात नहीं हुई है। 2022 में हिमाचल और गुजरात में चुनाव है, उन्हीं राज्यों पर अलग से बात हुई है। छत्तीसगढ़ में संगठन को लेकर बात हुई है, जिस पर हमारे संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यविस्तारक योजना के बारे में बताया। आगे संगठन क्या-क्या करने वाला है इसकी जानकारी भी दी गई। पूर्व सीएम डॉ. रमन ने कहा कि कांग्रेस हमेशा देश जलाने की बात करती है। इनका एजेंडा शुरू से यही रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी लोगों को जोड़ने और गले लगाने पर भरोसा रखते हैं और कांग्रेस देश को तोड़ने में लगी है। डॉ. रमन ने कहा कि क्या भूपेश बघेल नहीं जानते देश के सारे राज्यों में कांग्रेस की सरकार हुआ करती थी। 10 साल पहले भी 13 राज्यों में सरकार थी। आज कांग्रेस की हालत इतनी खराब हो गई है कि 2 राज्यों में सिमट गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष नहीं बना पाए। कांग्रेस की सोच के कारण आज उनकी स्थिति ऐसी हो गई है।