संस्कृत विद्यामण्डलम का परीक्षा परिणाम घोषित, 12वीं में अन्नपूर्णा ने किया टॉप, मंत्री टेकाम ने दी बधाई रायपुर। संस्कृत विद्यामण्डलम ने आज शिक्षा सत्र 2021-2022 का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। स्कूल शिक्षा मंत्री डा. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने अपने निवास में ये परिणाम घोषित किए। परीक्षा परिणाम में 96.45 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त की है। कक्षा 12वीं में कु. अन्नपूर्णा और कक्षा 10वीं में कृष्णकांत राठौर ने टॉप किया। मंत्री डा. टेकाम ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। संस्कृत विद्यामण्डलम द्वारा आयोजित पूर्व मध्यमा प्रथम एवं द्वितीय वर्ष तथा उत्तर मध्यमा प्रथम एवं द्वितीय वर्ष (हाई स्कूल 9वीं, 10वीं एवं हायर सेकेण्डरी 11वीं, 12वी) का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया है। बता दें कि छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डल द्वारा आयोजित सत्र 2021-22 के मुख्य परीक्षाएं कोविड-19 को ध्यान में रखते हुए ऑफलाईन मोड़ में आयोजित की गई थी। इस वर्ष की परीक्षाएं आफलाइन ली गई थी। कक्षा पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष (कक्षा 9वीं) में कुल 723 विद्यार्थी सम्मिलित हुए। जिसमें 405 बालक और 318 बालिकाएं शामिल हैं। कक्षा पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष (कक्षा 10वीं) में कुल 669 विद्यार्थी सम्मिलित हुए। जिसमें 393 बालक और 276 बालिकाओं ने परीक्षा दी थी। कक्षा 10वीं में 186 बालक और 209 बालिकाएं प्रथम श्रेणी, 202 बालक और 63 बालिकाएं द्वितीय श्रेणी और 8 बालक और एक बालिका तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इसी प्रकार कक्षा उत्तर मध्यमा प्रथम वर्ष (11वीं) में कुल 788 विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिसमें 461 बालक और 327 बालिकाएं शामिल हैं। कक्षा उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष (12वीं) में कुल 701 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। जिसमें 434 बालक और 267 बालिकाएं शामिल हैं। कक्षा 12वीं में 339 बालक और 231 बालिकाएं प्रथम श्रेणी, 110 बालक और 40 बालिकाएं द्वितीय श्रेणी तथा तृतीय श्रेणी में एक बालक उत्तीर्ण हुआ है। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम के सचिव राजेश कुमार सिंह, सहायक संचालक लक्ष्मण प्रसाद साहू, आर्ष ज्योति गुरूकुल आश्रम कोसरंगी महासमुन्द के आचार्य कोमल, राजीव लोचन संस्कृत विद्यालय राजिम के आचार्य संतोष शर्मा, दूधाधारी मठ रायपुर के आचार्य सुरेन्द्र कुमार तिवारी सहित संस्कृत विद्यालमण्डलम के अधिकारी-कर्मचारी और आर्ष ज्योति गुरूकुल आश्रम कोसरंगी महासमुन्द के विद्यार्थी भी उपस्थित थे। अस्थाई प्रावीण्य सूची (कक्षा 10वीं) पूर्व मध्यमा द्वितीय वर्ष (कक्षा 10वीं) की अस्थाई प्रावीण्य सूची में सरस्वती संस्कृत उच्चर माध्यमिक विद्यालय सपिया विकासखण्ड मालखरौदा जिला जांजगीर-चांपा के कृष्णकांत राठौर ने 85.57 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ज्ञान गंगा संस्कृत विद्यालय के कांसा विकासखण्ड डभरा जिला जांजगीर-चांपा के करन कुमार साहू ने 80.93 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय, गुरूकुल संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पकरीकलोटी जिला जशपुर के अभिषेक यादव ने 80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय, आर्ष ज्योति गुरूकुल आश्रम कोसरंगी जिला महासमुन्द के कमलेश और ज्ञान गंगा संस्कृत विद्यालय के कांसा विकासखण्ड डभरा जिला जांजगीर-चांपा के पुष्पेन्द्र कुमार चंद्रा ने 79.29 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से चतुर्थ स्थान प्राप्त किया है।