झीरम घाटी के अमर शहीदों की नवमी बरसी, धरसींवा में शहीद स्मारक का होगा भूमिपूजन

झीरम घाटी के अमर शहीदों की नवमी बरसी,  धरसींवा में शहीद स्मारक का होगा भूमिपूजन धरसींवा। झीरम घाटी नक्सली हमले में शहीद कांग्रेस नेताओं की 25 मई को नवमी बरसी है। धरसीवा में कल पुलिस थाना के सामने अमर शहीदों को याद किया जाएगा। साथ ही विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा शहीद स्मारक का भूमिपूजन करेंगी। बता दें कि धरसींवा क्षेत्र में कांग्रेस के तेज तर्रार नेता रहे शहीद योगेंद्र शर्मा 25 मई 2013 को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में शामिल थे। तभी झीरम घाटी में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा पर नक्सली हमले में पीसीसी चीफ नन्दकुमार पटेल, विद्याचरण शुक्ल सहित कई नेता शहीद हो गए। धरसींवा क्षेत्र ने भी इस नक्सली हमले में योगेंद्र शर्मा के रूप में क्षेत्र का उज्ज्वल भविष्य खोया दिया। कल 25 मई है और जगह जगह झीरम के शहीदों को याद किया जाएगा। धरसींवा विधायक कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं सत्यनारायण कथा का आयोजन होगा। वहीं मुख्यालय धरसींवा में क्षेत्रीय विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा सुबह 10 बजे शहीद स्मारक का भूमिपूजन करेंगी।