दो पंचायत सचिव सस्पेंड : 31 लाख से अधिक का भ्रष्टाचार, सीईओ ने की कार्रवाई

दो पंचायत सचिव सस्पेंड : 31 लाख से अधिक का भ्रष्टाचार, सीईओ ने की कार्रवाई बिलासपुर। भ्रष्टाचार के मामले में दो पंचायत सचिव पर निलंबन की कार्रवाई हुई है। दोनों पंचायत सचिव पर कुल 31.82 लाख की गड़बड़ी करने का आरोप लगा था, जो जांच में सही साबित हुई। दोनों ही सचिव बिल्हा ब्लॉक के पेंडरवा (अ) ग्राम पंचायत में अलग-अलग समय में पदस्थ थे। जांच में प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने के बाद सस्पेंड किया गया है। वहीं दोनों के प्रभार वाले गांवों की जिम्मेदारी दो अलग सचिवों को दी गई है। पेंडरवा (अ) ग्राम पंचायत में नंदकुमार साहू और जागेंद्र सिंह ठाकुर अलग-अलग समय पर सचिव के रूप में पदस्थ थे। इसकी शिकायत जिला पंचायत में हुई थी। जिला पंचायत सीईओ हरीश एस. ने शिकायत सही पाए जाने के बाद कार्रवाई की है। दोनों पर विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत सम्मिलित रूप से 31.82 लाख से ज्यादा राशि की गड़बड़ी के आरोप हैं। इनमें जागेंद्र ठाकुर पर 25.79 लाख और नंदकुमार साहू पर 6.02 लाख की गड़बड़ी का आरोप है। ग्राम पंचायत द्वारा संचालित काम नल-जल योजना, सीसी रोड निर्माण, नलकूप खनन, चौदहवें वित्त आयोग में भारी अनियमितता, नियमानुसार पंजी संधारण नहीं होना जांच में पाया गया है। साहू वर्तमान में ग्राम पंचायत सेमरा और ठाकुर वर्तमान में कछार में सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। निलंबन के बाद दोनों को जनपद पंचायत कार्यालय बिल्हा में संलग्न किया गया है। ग्राम पंचायत सेमरा का अतिरिक्त प्रभार ग्राम पंचायत भरारी के सचिव कमल किशोर कश्यप को और ग्राम पंचायत कछार का अतिरिक्त प्रभार मदनपुर के सचिव संतोष कुमार तिवारी को सौंपा गया है।