झीरम घाटी नक्सली हमले की नवमी बरसी, नम आंखों से शहीद नेताओं को किया याद

झीरम घाटी नक्सली हमले की नवमी बरसी, नम आंखों से शहीद नेताओं को किया याद धरसींवा। बस्तर के झीरम घाटी नक्सली हमले में शहीद कांग्रेस नेताओं को याद कर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। वहींं धरसींवा विधायक झीरम में शहीद योगेंद्र शर्मा की धर्मपत्नि अनिता शर्मा ने मुख्यालय में 15 लाख की लागत से बनने वाले शहीद स्मारक का भूमिपूजन किया। गौरतलब है कि 9 साल पहले 25 मई ही के दिन झीरम घाटी नक्सली हमले में कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा में शामिल तत्कालीन पीसीसी चीफ ननन्दकुमार पटेल,विद्याचरण शुक्ल,नन्दकुमार पटेल के पुत्र सहित कई नेता शहीद हुए थे। उनमें धरसीवा के कांग्रेस नेता योगेंद्र शर्मा भी शामिल थे। समीप ग्राम टेकारी उनकी जन्मभूमि थी और वह अपने जीवनकाल में क्षेत्र में सदैव विकास की राजनीति में सक्रिय थे। उन्होंने अपने जीवित रहते उद्योगों में कई युवाओं को रोजगार दिलाया था। क्षेत्र के लोगों के दिलों में उन्होंने अपनी अमिट छाप छोड़ी थी। उनके जाने के बाद ऐंसा लग रहा था मानो धरसींवा में कांग्रेस ने एक ऐंसे नेता को खो दिया जिसकी कमी सदैव महसूस होती रहेगी।

विधायक कार्यालय में किया याद

सांकरा स्थित विधायक कार्यालय में शहीद योगेंद्र शर्मा को याद करते हुए कई लोगों की आंखें नम हो गई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों जनप्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा, शहीद योगेंद्र शर्मा के बड़े भाई महेश शर्मा ओर शहीद योगेंद्र शर्मा के सुपुत्र हर्षित शर्मा मौजूद रहे।

बनेगा शहीद स्मारक

मुख्यालय धरसींवा में 15 लाख की लागत से शहीद स्मारक बनेगा। इसके लिए विधायक अनिता योगेंद्र शर्मा ने भूमिपूजन किया। शहीद स्मारक में झीरम घाटी के सभी शहीद नेताओं की प्रतिमाएं लगेंगी ओर आसपास चारो तरफ फूलों की क्यारी हरे भरे वृक्ष भी लगाए जाएंगे ।

षड्यंत्र का होना चाहिए खुलासा

झीरम घाटी की घटना को लेकर आज भी शहीदों के परिजन पर्दे के पीछे छिपे सत्य को जानना चाहते हैं। शहीद योगेंद्र शर्मा के बड़े भाई महेश शर्मा और पुत्र हर्षित शर्मा ने कहा कि 9 साल हो गए है, लेकिन अब तक खुलासा नहीं हुआ कि यह किनका षड्यंत्र था। मुुख्यमंत्री भूपेश बघेल  पर पूरा विश्वास है कि वह जल्द से जल्द झीरम के षड्यंत्र का पर्दाफाश कराएंगे।