नौतपा में बारिश, राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बरसे मेघ, गर्मी से मिली राहत रायपुर। नौतपा में भीषण गर्मी पड़ती है। लेकिन इस साल इसकी शुरुआत से अंधड़ और बारिश से हुई है। पर्देश के कई जिलों में गुरुवार को अंधड़ उठा है। रायपुर में दोपहर हल्की बारिश हुई। वहीं पेण्ड्रा रोड में तेज बरसात रिकॉर्ड की गई है। गौरतलब है कि नौतपा की शुरुआत बुधवार को हुई। पहले दिन ही कुनकुरी, जशपुर, तपकरा, दुलदुला, उदयपुर, रामानुजनगर, ओड़गी, लखनपुर, मनोरा, भैयाथान, कोण्डागांव और बस्तर क्षेत्रों में एक से 4 मिलीमीटर तक बरसात दर्ज हुई। गुरुवार को अमरकंटक, पेण्ड्रा-मरवाही क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ मौसम बदला। धूल भरी हवाओं का वेग इतना तेज था कि कई जगह पेड़ टूट गए। बिजली के खंभों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। क्षेत्र में बिजली चली गई। थोड़ी देर बाद पूरे इलाके में तेज बरसात शुरू हो गई। बरसात इतनी तेज थी कि सड़कों पर नाला बह निकला। बिलासपुर क्षेत्र में भी धूल भरी आंधियां चलीं। इसकी वजह से राह चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जशपुर, मुंगेली, जांजगीर-चांपा में भी अंधड़ की खबर है। रायपुर में सुबह से ही बादल छाए थे। दोपहर बाद ठंडी हवाओं के साथ बरसात शुरू हो गई। इसकी वजह से राजधानी का मौसम सुहावना हो गया है। मौसम विभाग का कहना है कि, ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण ओडिशा और उसके आसपास स्थित है। एक द्रोणिका बिहार से उत्तर आन्ध्र प्रदेश तक स्थित है। इसकी वजह से 26 मई को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड भी चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड बने रहने की संभावना है।