मानसून ने केरल में दी दस्तक, छत्तीसगढ़ में इस दिन पहुंचने की संभावना रायपुर। मानसून ने निर्धारित समय से तीन दिन पहले केरल में दस्तक दे दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) की तरफ से ये जानकारी दी गई है। मौसम विभाग की मानें तो, छह दिन रुकने के बाद, दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिणी श्रीलंका को कवर करते हुए केरल पहुंचा है। ऐसे में अगले दो दिनों तक केरल व लक्षद्वीप में भारी बारिश होगी। आईएमडी तिरुवनंतपुरम (केरल) के निदेशक के संतोष ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून केरल में दस्तक दे चुका है। केरल में अगले पांच दिनों के दौरान कई ज़िलों में भारी बारिश होने की संभावना है। तेज हवाओं के कारण मछुआरों को 29-30 मई को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। केरल में मानसून के पहुंचने की सामान्य तिथि वैसे 1 जून है। विभाग ने कहा कि मानसून दक्षिण अरब सागर, मालदीव, लक्षदीव के आसपास के इलाकों में सक्रिय है तथा इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल स्थितियां बनी हुई हैं। बता दें कि केरल में मानसून की दस्तक के बाद यह धीरे-धीरे आगे बढ़ता है तथा 27 जून तक दिल्ली पहुंचता है। वहीं अगर छत्तीसगढ़ की बात करें तो छत्तीसगढ़ में मानसून बस्तर के रास्ते प्रवेश करता है। मानसून की रफ्तार से साफ है कि इस बार छत्तीसगढ़ में मानसून 15 जून के आस आसपास प्रवेश कर सकता है। इधर, प्री मानसून की बारिश प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में होती रहेगी। छत्तीसगढ़ कई स्थानों पर आज तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होगी। अभी नौतपा चल रहा है, हालांकि नौतपा में जितनी गर्मी की उम्मीद जताई जा रही थी, उतनी गर्मी नहीं पड़ी। आज भी आसमान में बादल हैं, हालांकि हवा में गर्मी है, ऐसे में उम्मीद है कि शाम तक मौसम में बदलाव हो सकता है। राजधानी रायपुर में छाये बादल राजधानी रायपुर समेत राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए हैं। हालांकि तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। मौसम वैज्ञानिकों ने शाम तक कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और आंधी की संभावना जताई है।