गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या, आप सरकार ने ले ली थी सुरक्षा वापस
गायक सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या, आप सरकार ने ले ली थी सुरक्षा वापस
डेस्क। पंजाब के गायक सिद्धू मूसेवाला की रविवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मूसेवाला पर मनसा के जवाहरके गांव के पास फायरिंग हुई थी। घटना के बाद मूसेवाला को गंभीर हालत में मनसा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
मूसेवाला की मौत से पंजाब में सनसनी फैल गई है। मूसेवाला के दो साथी घायल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि हमलावर काले रंग की कार से आए थे।
बताया जा रहा है कि पहले गायक के पास करीब 10 गनमैन थे लेकिन मान सरकार ने इनकी संख्या कम कर दी थी। मूसेवाला ने कांग्रेस की टिकट पर इसी साल मानसा से विधानसभा का चुनाव लड़ा था।
मूसेवाला को गैंगस्टरों से धमकियां मिली थी। इसके बावजूद पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए एक दिन पहले ही मूसेवाला समेत 424 VIP की सुरक्षा वापस ली थी। मूसेवाला ने पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर आम आदमी पार्टी के विजय सिंगला के खिलाफ चुनाव भी लड़ा था। विजय सिंगला ने मूसेवाला को मनसा सीट से 63,323 वोट से हराया था।
जानिए कौन थे सिद्धू मूसेवाला
शुभदीप सिंह सिद्धू उर्फ सिद्धू मूसेवाला मनसा जिले के मूसा वाला गांव के रहने वाले थे। गांव में उनका जन्म 17 जून 1993 को हुआ था। मूसेवाला की लाखों में फैन फॉलोइंग है और वह अपने गैंगस्टर रैप के लिए लोकप्रिय थे। सिद्धू मूसेवाला की मां गांव की सरपंच थीं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल की थी। उन्होंने अपने कॉलेज के दिनों में म्यूजिक सीखा और बाद में कनाडा चले गए।
मूसेवाला को सबसे विवादास्पद पंजाबी गायकों में से भी जाना जाता है, जो खुलेआम बंदूक संस्कृति को बढ़ावा देते थे, उत्तेजक गीतों में गैंगस्टरों का महिमामंडन करते थे। सितंबर 2019 में रिलीज़ हुआ उनका गाना 'जट्टी जियोने मोड़ दी बंदूक वर्गी' ने 18वीं सदी के सिख योद्धा माई भागो के संदर्भ में एक विवाद को जन्म दिया था। उन पर इस सिख योद्धा की छवि को खराब दिखाने का आरोप लगाया गया था। हालांकि बाद में मूसेवाला ने माफी मांग ली थी.
मूसेवाला के एक और गाना 'संजू' ने भी जुलाई 2020 में विवाद खड़ा कर दिया था। यह गाना एके-47 फायरिंग मामले में सिद्धू मूसेवाला को जमानत मिलने के बाद रिलीज हुआ था. उन्होंने सोशल मीडिया पर रिलीज हुए गाने में अपनी तुलना अभिनेता संजय दत्त से की थी। मई 2020 में बरनाला गांव में फायरिंग करते हुए एक वीडियो क्लिप वायरल होने के बाद सिद्धू मूसेवाला के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। हालांकि, बाद में संगरूर की एक अदालत ने उन्हें जमानत दे दी थी।