गुजरात टाइटन्स बनी आईपीएल चैंपियन, कप्तान हार्दिक ने रचा इतिहास, राजस्थान का सपना टूटा डेस्क। गुजरात टाइटंस ने आईपीएल 2022 के फाइनल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से पटखनी दी। इस जीत के साथ गुजरात ने अपने डेब्यू सीजन में ही आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। टीम की जीत के हीरो कप्तान हार्दिक पांड्या रहे जिन्होंने गेंदबाजी के साथ बल्लेबाजी में भी कमाल दिखाया। शुभमन गिल ने छक्का जड़कर अपनी टीम को आईपीएल चैम्पियन बनाया। पहली बार अपने होम ग्राउंड पर खेल रही गुजरात टाइटन्स पूरे सीजन में कमाल का प्रदर्शन करते हुए आई और यहां भी ऐसा ही हुआ। कप्तान हार्दिक पंड्या ने टीम को फ्रंटफुट से लीड किया, पहले बॉलिंग करते हुए 3 विकेट लिए और बाद में बल्लेबाजी (34 रन) में कमाल कर उन्होंने अपनी टीम को जीत दिला दी। फाइनल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बैटिंग करते हुए 130 का स्कोर बनाया, जवाब में हार्दिक पंड्या की कप्तानी पारी के दमपर गुजरात ने इस टारगेट को हासिल कर लिया। गुजरात टाइटन्स ने सिर्फ 18.1 ओवर में तीन विकेट खोकर ही फाइनल मुकाबला जीत लिया। पूरे टूर्नामेंट में दिखा गुजरात का डलवा गुजरात टाइटन्स की टीम शुरुआत से लेकर अंत तक मैच पूरे टूर्नामेंट अपना जलवा बिखेरती रही। लीग फेज़ खत्म होने पर गुजरात टाइटन्स प्वाइंट टेबल में टॉप पर रही, फिर क्वालिफायर-1 में जीत हासिल कर उसने फाइनल में सबसे पहले जगह बनाई। और अब फाइनल में राजस्थान रॉयल्स को मात देकर टीम चैम्पियन भी बन गई है। कप्तान हार्दिक पंड्या टीम के लिए सबसे बड़े हीरो साबित हुए, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन बल्लेबाजी की। फाइनल में ऑलराउंड प्रदर्शन किया. हार्दिक पंड्या ने इस सीजन में 487 रन बनाए और अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। हार्दिक पंड्या के बाद शुभमन गिल ने गुजरात के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए और सीजन में 483 रन बना दिए। राजस्थान रॉयल्स की बल्लेबाजी हुई फेल पूरे सीजन में जिस टीम के प्लेयर के पास ऑरेन्ज कैप रही हो, उसी टीम की बल्लेबाजी ने फाइनल में दगा दे दी। राजस्थान फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में सिर्फ 130 रन ही बना पाई। ऑरेन्ज कैप होल्डर जोस बटलर ने इस मैच में 39 रन बनाए, यह काफी धीमी पारी थी लेकिन इसके बाद वह टीम के टॉप स्कोरर रहे। जोस बटलर के बाद यशस्वी जायसवाल 22 रन बनाकर टीम के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। गुजरात टाइटन्स की शानदार बॉलिंग के आगे राजस्थान की बैटिंग फेल साबित हुई। गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या ने इस मैच में 3 विकेट लिए, जबकि स्टार बॉलर राशिद खान ने सिर्फ 18 रन देकर एक विकेट लिया।