पटवारी का रिश्वत लेते वीडियो वायरल, एसडीएम ने किया सस्पेंड
जांजगीर-चांपा। पामगढ़ के एक पटवारी को निलंबित कर दिया गया है। पटवारी किसान से काम के एवज में रिश्वत लेते हुए कैमरे में कैद हुआ था, जो सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो गया।
ये वीडियो जिला प्रशासन तक पहुंचा, तो पामगढ़ के एसडीएम ने इस मामले में जांच कराई, जिसमें मामला सही पाये पाए। इसके बाद पटवारी देवेंद्र साहू को सस्पेंड कर दिया गया है।
पटवारी देवेंद्र साहू पामगढ़ तहसील के कोड़ाभाट के भुईगांव में पदस्थ थे। पटवारी को पामगढ़ मुख्यालय के कानूनगो शाखा में अटैच किया गया है। वहीं भुईगांव कोड़ाभाट के लिए रविकांत साहू को निर्देशित किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक किसान अपने जमीन संबंधी कार्य के लिए जब पटवारी के पास पहुंचा तो उन्होंने रूपए की मांग की। बिना पैसे के पटवारी काम करने को तैयार नहीं था, लिहाजा पटवारी को पैसा देना पड़ा, मगर पटवारी को पता नहीं था कि रूपए देते हुए किसान ने चुपके से उनका वीडियो भी मोबाइल से बना रहा । जब यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ तो पटवारी के कारनामे सामने आ गए।
मामले की जांच के बाद पामगढ़ एसडीएम ने आरोपी पटवारी को तत्काल निलंबित कर दिया। निलंबन के दौरान पटवारी का मुख्यालय तहसील कार्यालय पामगढ़ रहेगा।
